Rajasthan News: आखिर क्या है सीएम भजनलाल की अमित शाह से मुलाकात के मायने, राजस्थान में बड़े बदलाव के संकेत
Rajasthan News: राजस्थान में लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद सियासी उठापठक का काउंट डाउन शुरू हो गया है। सूबे की सरकार से लेकर संगठन में बड़े बदलाव के संकेत मिलना शुरू हो गए है।
दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अमित शाह की मुलाकात के बाद राजस्थान के सियासी गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई है। चर्चा है कि सीएम भजनलाल शर्मा ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर रिपोर्ट कार्ड पेश किया है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली प्रवास पर हैं। 9 जून को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।
शपथ ग्रहण समारोह के दूसरे दिन आज सीएम भजनलाल शर्मा ने अमित शाह, राजनाथ सिंह और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जैसे बड़े नेताओं से मुलाकात की है।
आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @AmitShah जी से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका स्नेहपूर्ण आशीर्वाद व ओजस्वी मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस सुअवसर पर उन्हें केन्द्र में तीसरी बार माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व वाली NDA सरकार बनने व मंत्रीमंडल में… pic.twitter.com/qJ1cR8775U
— Bhajanlal Sharma (Modi Ka Parivar) (@BhajanlalBjp) June 10, 2024
बताया जा रहा है कि सीएम भजनलाल शर्मा ने अमित शाह से मुलाकात कर राजस्थान में लोकसभा चुनाव में सीटों पर हार का पूरा ब्यौरा दिया है। वहीं प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि सीएम भजनलाल शर्मा ने जो रिपोर्ट अमित शाह के पास पेश किया है। उसमें भजनलाल ने प्रदेश में हार के कारणों के बारे में अमित शाह को अवगत कराया है। इसमें हार के बड़े कारणों में राजस्थान में संगठन की निष्क्रियता को माना गया है।
सीएम भजनलाल शर्मा के दिल्ली दौरे के बीच कई खबरें सामने आ रही है। इसमें कहा जा रहा है कि राजस्थान में सीएम पद पर फिलहाल किसी तरह के बदलाव की चर्चा नहीं हो रही है।
राजस्थान में बीजेपी संगठन को मजबूत करने की दिशा में कवायद करने में जुट गई है। क्योंकि राजस्थान में बीजेपी के इतने सीटों पर हार कारण संगठन की निष्क्रियता को माना जा रहा है। वहीं राजस्थान में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव की चर्चा जोर शोर से हो रही है।
वैसे राजस्थान में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष का पद सीपी जोशी संभाल रहे हैं। लेकिन संगठन को मजबूत करने के लिए बीजेपी आलाकमान इसमें कुछ बड़े बदलाव कर सकती है।
इस बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कई नामों की चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 में जिस तरह से जाट, एससी-एसटी और राजपूत वोट बैंक खिसकी है। उसकी भरपाई करने लिए संगठन में कई बदलाव की ओर इशारा कर रही है।
माना जा रहा है कि राजस्थान में अब एससी-एसटी या राजपूत समाज से किसी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल सकती है।
फिलहाल इस मामले में राज्यसभा सांसद मदन सिंह राठौड़, गजेंद्र गहलोत की चर्चा हो रही है। जबकि बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल सैनी, श्रवण सिंह बगड़ी और पूर्व मंत्री रहे राजेंद्र राठौड़ के नाम की भी चर्चा काफी है। इसके साथ ही दलित चेहरे पर भी विचार किया जा सकता है।
बहरहाल, राजस्थान में बीजेपी ने मिशन 25 का अभियान लेकर चली थी। लेकिन पार्टी को महज 14 सीटें प्राप्त हुई। ऐसे में बीजेपी के अंदर हार के कारणों को तलाशा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications