चुरूः घर से बाहर कचरा फेंकने जा रही थी महिला और पहले से घात लगाए बैठे जेठ ने किया हमला
राजस्थान। राजस्थान में जादू-टोने को लेकर महिलाओं पर होने वाले अत्याचार का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजस्थान के चुरू जिले की सादुलपुर तहसील के लम्बोरी छोटी गांव का है, जहां शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक 40 वर्षीय महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

जादू-टोना का आरोप लगाकर किया हमला
इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला पर जानलेवा हमला करने वाला महिला का जेठ है, जिसका नाम रघुवीर है। वह पिछले दो साल से महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए प्रताड़ित कर रहा था।आरोप है कि शनिवार को जब पीड़िता इन्द्रो देवी कचरा जालने के लिए घर से बाहर निकली तो आरोपित जेठ पहले से ही घात लगाए हुए बैठा था।

घर के बाहर निकलते ही किया हमला
उसने तुरंत महिला पर हमला कर दिया। आरोपित ने महिला के सिर पर तब तक कुल्हाड़ी से वार करता रहा जब तक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर नहीं गई। बाद में घायल इन्द्रो देवी को परिजन पहले सादुलपुर के राजकीय रेफरल अस्पताल लेकर गए। वहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चुरू मुख्यालय के राजकीय भारतीय अस्पताल रेफर किया गया है।

पिछले दो सालों में 70 से अधिक मामले
पीड़िता का इलाज जारी है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार जादू-टोना, अंधविश्वास और डायन के शक में राजस्थान में पिछले दो सालों में महिलाओं पर अत्याचार के करीब 70 से अधिक मामले सामने आए हैं। पुलिस प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications