Rajasthan Border: सीजफायर के बाद राजस्थान के 10 जिलों में उठाया गया बड़ा कदम, 2 जिलों में पाक की सिम बंद
Rajasthan Border News: भारत-पाक सीमा पर तनाव कम होते ही राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में आम जनजीवन फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है। मंगलवार से बाजारों में रौनक लौट आई और शिक्षण संस्थानों ने भी अपने दरवाजे खोल दिए। हालात सामान्य होने लगे हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
10 जिलों को माना गया संवेदनशील, सायरन सिस्टम की तैयारी
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के 10 जिलों को संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। सीमावर्ती बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर और जोधपुर के साथ-साथ जयपुर, अलवर, भरतपुर, अजमेर और कोटा जैसे प्रमुख शहरों में भी इलेक्ट्रॉनिक सायरन लगाने के आदेश दिए गए हैं। ये सायरन किसी आपात स्थिति में एकीकृत नियंत्रण कक्ष (central control room) से संचालित किए जाएंगे।

पाक सिम पर प्रतिबंध का दायरा बढ़ा
राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र जैसलमेर में अब पाकिस्तानी मोबाइल नेटवर्क पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। मतलब राजस्थान के दो जिलों में अब कोई पाकिस्ताानी सिम का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। इससे पहले श्रीगंगानगर में यह पाबंदी लगाई जा चुकी थी। अब जैसलमेर में भी लागू की गई है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि सीमावर्ती इलाकों में पाक सिम का उपयोग खुफिया जानकारी साझा करने में किया जा सकता है।

राजस्थान में हवाई सेवाएं शुरू, पढ़ाई भी बहाल
जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में मंगलवार से स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, आंगनबाड़ी केंद्र और कोचिंग संस्थान दोबारा खुल गए हैं। बीकानेर, जोधपुर और अजमेर के किशनगढ़ एयरपोर्ट भी फिर से चालू कर दिए गए हैं। हालांकि पहले दिन जोधपुर और बीकानेर से कोई उड़ान संचालित नहीं हुई थी।

आज किशनगढ़ एयरपोर्ट से स्टार एयरलाइंस ने छह शहरों हैदराबाद, पुणे, लखनऊ, हिंडन, नांदेड और बेंगलुरु के लिए उड़ानों का संचालन फिर से शुरू कर दिया है। जोधपुर एयरपोर्ट से भी आज से विमानों की आवाजाही शुरू हो गई है।

ड्रोन से खतरे की चेतावनी, गांवों में जागरूकता अभियान
सेना के वरिष्ठ अफसरों ने सीमावर्ती गांवों में लोगों को जागरूक करते हुए आगाह किया है कि भविष्य में ड्रोन के जरिए जासूसी या अन्य गतिविधियां तेज हो सकती हैं। ग्रामीणों को ड्रोन की पहचान, उसकी कार्यप्रणाली और उससे होने वाले संभावित खतरों के बारे में जानकारी दी गई है।

लोगों को यह भी समझाया गया है कि यदि कोई उड़ती हुई संदिग्ध वस्तु या ड्रोन जैसा उपकरण दिखे तो तुरंत बीएसएफ या स्थानीय खुफिया इकाई को सूचना दें। किसी भी संदिग्ध हरकत को नजरअंदाज न करने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें-












Click it and Unblock the Notifications