Rajasthan Election: मंच पर रोने लगा बयाना कांग्रेस प्रत्याशी, सचिन पायलट ने बताया अमर सिंह को सच्चा सिपाही
Rajasthan Assembly Election: राजस्थान विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस नेता सचिन पायलट भरतपुर जिले की बयाना सीट पर जनसभा करने पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए मोदी सरकार को जमकर घेरा।
कामां सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी जाहिदा खान के चुनावी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद सचिन पायलट बयाना पहुंचे, जहां पूर्व डिप्टी सीएम ने बागड़ फील्ड में कांग्रेस प्रत्याशी अमर सिंह जाटव के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया।

रूपबास-बयाना विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने स्वाफा एवं माला पहनकर पायलट का गर्म जोशी के साथ स्वागत। इस दौरान सचिन पायलट का लगाव और जनता के हुजूम को देख कांग्रेस प्रत्याशी अमर सिंह जाटव खुद के आंसू नहीं रोक पाए और बच्चों की तरह सिसक-सिसक कर रोने लगे। इन्हें देख सचिन पायलट ने उन्हें ढांढस बंधाया और फिर जनसभा को संबोधित किया।
सचिन पायलट ने कहा कि भरतपुर जिले से पिता राजेश पायलट ने राजनीति की शुरुआत की थी। भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी से लोग त्रस्त है। भाजपा ने अग्निवीर जैसी योजना लागू कर युवाओं के फौज में जाने के सपनों को चकनाचूर किया है।
पायलट यहीं नहीं रूके उन्होंने भाजपा के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस की सरकार बनती है किसी निर्दलीय कि नहीं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है और अब मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी सरकार बनेगी।
विधायक और प्रत्याशी के समर्थन में पायलट ने कहा कि 5 साल पहले अमर सिंह जाटव के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया था और आप लोगों ने उसे भरपूर समर्थन देकर विधायक बनाया था। अब 5 साल बाद सरकार ने सोच समझकर फिर से भरोसा जताया है और रूपबास बयाना से प्रत्याशी बनाया है।
उन्होंने अमर सिंह जाटव के बारे में कहा कि यह व्यक्ति पांच साल तक चट्टान की तरह खड़ा रहा, जो व्यक्ति सच्चा होता है वह पक्का होता है और पक्का होता है वह हमको पसंद होता है। उन्होंने जनता से अपील कर अपने सर की पगड़ी अमर सिंह जाटव के सिर पर रख वोट देने की अपील की।
सचिन की रैली से निकले कई मायने
उन्होंने कहा कि 3 दिसंबर के बाद फैसला होगा कि आदमी को क्या जिम्मेदारी मिलेगी। सचिन पायलट की जनसभा के बाद यहां के सियासी आंकड़े बदलते हुए नजर आएंगे। इसका अंदाजा इससे लगाई जा सकता है कि उनकी जनसभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। रूपबास -बयाना विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर समाज के 60 हजार से अधिक मत हैं और इस सभा के बाद कहीं ना कहीं गुर्जर समाज, जो अमर सिंह जाटव से नाराज चल रहा था वह सचिन पायलट के कहने पर मन बनाते हुए नजर आएगा।
संवाद सूत्र: रिंकू एलिजा, भरतपुर












Click it and Unblock the Notifications