Rahul Kaswan: चूरू MP बनने के बाद राहुल कस्वां ने वसुंधरा राजे की जमकर की तारीफ, राठौड़ पर क्या बोले?
Rahul Kaswan MP Churu Rajasthan: लोकसभा चुनाव 2024 में चूरू सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर तीसरी सांसद बने राहुल कस्वां का 'सियासी दर्द' छलक उठा है। कस्वां ने जहां पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया की जमकर तारीफ की है। वहीं, CM भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष व राजेंद्र राठौड़ समेत भाजपा के प्रदेश स्तरीय लीडरशीप पर कई सवाल उठाए हैं।
दरअसल, राहुल कस्वां साल 2014 व 2019 में चूरू से भाजपा सांसद रहे। साल 2024 के चुनाव में कथित तौर राजेंद्र राठौड़ से सियासी रिश्ते खराब होने के कारण कस्वां का टिकट काटकर देवेन्द्र झाझड़िया पर दांव लगाया गया। ऐसे में कस्वां ने भाजपा छोड़ कांग्रेस ज्वाइन की और 72737 वोटों से जीत दर्ज की। राहुल कस्वां को 728211 वोट व देवेंद्र झाझड़िया को 655474 वोट मिले।

अब जानिए राहुल कस्वां ने चूरू से कांग्रेस सांसद बनने के बाद पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, उनके बेटे व झालावाड़ से सांसद दुष्यंत सिंह, राजेंद्र राठौड़, सीएम भजनलाल शर्मा व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के बारे में क्या कहा?
वसुंधरा राजे पर क्या बोले कस्वां?
चूरू सांसद राहुल कस्वां ने कहा कि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया सही मायने में लीडर हैं। राजे की लीडरशीप में राजस्थान में भाजपा की आज तक ऐसी हार नहीं हुई। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा 25 सीटों से 14 पर आ गई। जबकि साल 2014 व 2019 में सारी 25 सीटें भाजपा ने जीती थीं।
दुष्यंत सिंह पर क्या बोले राहुल कस्वां?
राहुल कस्वां ने वसुंधरा राजे के बेटे व झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह को मोदी सरकार 3.0 में मंत्री नहीं बनाए जाने पर सवाल उठाए। कस्वां ने कहा कि दुष्यंत सिंह झालावाड़-बारां से लगातार पांचवीं बार सांसद बने हैं, जबकि उन्हें मंत्री ही नहीं बनाया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर भाजपा में केंद्रीय बनाने का क्या पैरामीटर है?
प्रदेशाध्यक्ष सीपी पर क्या बोले राहुल कस्वां?
सीपी जोशी राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हैं। इस बार चित्तौड़गढ़ से जीत दर्ज कर सांसद बने हैं। इन पर कस्वां ने कहा कि बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी बनती थी कि वे चुनाव से पहले कम से कम सभी 25 सांसदों के साथ मीटिंग तो करते।
सीएम भजनलाल शर्मा पर क्या बोले राहुल कस्वां?
राहुल कस्वां ने सीएम भजनलाल शर्मा पर कहा कि उनसे उम्मीद करना बहुत बड़ी बात हो जाती है। उन्हें अभी टाइम भी कम हुआ है। दो माह में वो क्या तो समझ पाते? क्या स्ट्रक्चर है? उनको जितना राजेंद्र राठौड़ ने समझाया। वो उतना ही समझ पाए।
राजेंद्र राठौड़ पर क्या बोले राहुल कस्वां?
राहुल कस्वां ने कहा कि भाजपा शेखावाटी की चूरू, झुंझुनूं व सीकर की सीट हार गई। इसकी वजह काका (राजेंद्र राठौड़) का अहंकार है। पार्टी में उनका कोई कम्युनिकेशन ही नहीं था। ये लोग मानकर चल रहे थे कि हमें कौन हराएगा? अहंकार का बहुत खामियाजा पार्टी को उठाना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications