राजस्थान: शिवरात्रि पर यूं पैसे बचाकर पुलवामा हमले के प्रत्येक शहीद के परिजनों को देंगे ढाई लाख रुपए
Pratapgarh News, प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ नगर परिषद ने पुलवामा शहीदों के परिजनों की आर्थिक मदद का अनूठा फैसला लिया है। दरअसल, प्रतापगढ़ में शिवरात्रि 2019 का मेला छह दिन के बजाय सिर्फ दो दिन तक ही होगा। मेले में नाचगानों के कार्यक्रमों में खर्च होने वाला पैसा बचाकर पुलवामा में हुए राजस्थान के शहीदों के परिजनों को दिया जाएगा।

कुछ दिन पहले प्रतापगढ़ नगर परिषद में पेश किए गए बजट में निर्णय लिया गया था कि इस बार 4 मार्च को शिवरात्रि मेला तीन दिन के बजाय छह दिन तक पूरी भव्यता के साथ भरेगा। इसके लिए पचास लाख की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन जम्मू कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को हुए सबसे बड़े आतंकी को देखते हुए अब शिवरात्रि मेला दो दिन तक ही चलेगा।

इस तरह मेले में हुई कटौती से बची हुई राशि पुलवामा में राजस्थान के छह शहीद के परिवारों को दी जाएगी। राजस्थान के प्रत्येक शहीद परिवार को दो लाख इक्कावन हजार की राशि देना तय किया गया है। सदन में पक्ष-विपक्ष के सभी सदस्यों ने इस पर अपनी सहमति जताई है। नगर परिषद के सभापति कमलेश डोसी ने बताया कि कहा कि अगर मेले में नाचने-गाने के कार्यक्रम होते हैं तो वे हमारे वीर सपूतों के साथ न्याय नहीं होगा। इसके बजाय भजन संध्या में देश प्रेम से ओतप्रोत गीतों का कार्यक्रम होगा।

पुलवामा में राजस्थान के ये जवान हुए शहीद
पुलवामा आतंकी हमला 2019 में देश के 40 से ज्यादा जवानों के साथ ही राजस्थान ने भी अपने छह बहादुर बेटे खोए हैं। पुलवामा में शहीद होने वालों में राजस्थान के धौलपुर से भागीरथ सिंह, भरतपुर से जीतराम गुर्जर, जयपुर से रोहिताश लाम्बा, कोटा से हेमराज मीणा, राजसमंद से नारायण लाल और झुंझुनूं के खेतड़ी से श्योराम गुर्जर शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications