PM Modi Rajasthan Visit: राजस्थान आकर करणी माता का आशीर्वाद लेंगे पीएम मोदी, बॉर्डर विज़िट की अटकलें भी तेज
PM Modi Rajasthan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई 2025 को राजस्थान के सरहदी जिले बीकानेर का दौरा कर सकते हैं। इस बार दौरे की शुरुआत धार्मिक स्थल देशनोक के करणी माता मंदिर में दर्शन से होगी। पीएम मोदी के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बीकानेर सांसद व केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री की राजस्थान यात्रा को लेकर प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। बीकानेर जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि और बीकानेर एसपी कावेंद्र सिंह सागर खुद देशनोक में डेरा डाले हुए हैं, जहां वे सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Rajasthan Border: राजस्थान में 3 डीएम ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, तुर्किये से मार्बल आयात बंद
PM Modi in Deshnok Bikaner: देशनोक को मिलेगा नया रेलवे स्टेशन
प्रधानमंत्री राजस्थान दौरे में बीकानेर जिले के देशनोक में तैयार हुए आधुनिक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन भी करेंगे। वहीं, लालगढ़ में बनकर तैयार दूसरा नया स्टेशन इस सूची में शामिल होगा या नहीं, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि यह स्टेशन क्षेत्रीय यातायात के लिए अहम साबित होगा।
सेना से मिल सकते हैं प्रधानमंत्री, नाल से उड़ान के बाद बॉर्डर का भी संभावित दौरा
मीडिया की खबरों के अनुसार प्रधानमंत्री विशेष विमान से बीकानेर नाल एयरबेस पहुंचेंगे, जहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए देशनोक जाएंगे। कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा बाकी है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि मोदी सीमा क्षेत्र का दौरा कर जवानों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
भारत-पाकिस्तान टेंशन के दौरान नाल एयरबेस को पाकिस्तान ने निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की थी। देशनोक करणी माता मंदिर पाकिस्तान बॉर्डर से करीब 200 किलोमीटर दूर है जबकि नाल एयरबेस की दूरी करीब 180 किलोमीटर है।

राजस्थान में चुनावी रंग के बाद अब प्रशासनिक मिशन
राजस्थान विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी बीकानेर में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान रोड शो कर चुके हैं। उस दौरान जनसैलाब उमड़ पड़ा था। इस बार उनका दौरा राजनीतिक नहीं बल्कि धार्मिक और विकास कार्यों से जुड़ा है।
श्रीगंगानगर सीमा पर संदिग्ध ड्रोन से हड़कंप
बीकानेर दौरे से पहले भारत-पाक सीमा के पास श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ इलाके में गुरुवार सुबह एक संदिग्ध ड्रोन देखा गया। खेत में गिरे इस ड्रोन की लंबाई 5 से 7 फीट बताई गई है। इसका कैमरा टूटकर अलग मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस और BSF की टीम ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जैसलमेर सीमा: तनोट मंदिर में फिर लौटी रौनक
जैसलमेर के तनोट मंदिर क्षेत्र में हाल ही में लगे सुरक्षा प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। सीजफायर के बाद हालात सामान्य होने पर सीमा क्षेत्र में सैलानियों की आवाजाही बहाल कर दी गई है। बीएसएफ ने विशेष पूजा और आरती कर तनोट माता का आशीर्वाद लिया।

बाड़मेर सीमा: रेलवे स्टेशन पर तिरंगे की रोशनी
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर बाड़मेर रेलवे स्टेशन को आकर्षक ढंग से तिरंगे की रोशनी से सजाया गया। देशभक्ति के गीतों की गूंज और तिरंगे की रोशनी ने यात्रियों का दिल जीत लिया। ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में भारतीय रेलवे ने देशभर के रेलवे स्टेशनों को तिरंगे की रोशनी से सजाने का अनूठा अभियान शुरू किया है। बाड़मेर रेलवे स्टेशन भी इस अभियान का हिस्सा बना।

मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी को धमकी भरा ईमेल
इधर, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य खेल परिषद अध्यक्ष IAS नीरज के पवन को ईमेल के ज़रिए जान से मारने की धमकी मिली है। मेल में लिखा गया है कि यदि एक रेप पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो मुख्यमंत्री की हत्या कर दी जाएगी। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- VIDEO: चांदी के कड़ों के लिए मां की चिता पर लेटा बेटा, बोला- 'पहले गहने लाकर दो, फिर करने दूंगा अंतिम संस्कार












Click it and Unblock the Notifications