Balotra: सरकारी अस्पताल में एक दिन की बच्ची को साड़ी में बांधकर 7 फीट ऊंचे खंभे पर लटकाया
New Born Girl balotara: नए जिले बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल में एक दिन की बच्ची सात फीट ऊंचे खंभे पर लटकी मिली है।
राजस्थान के नए जिले बालोतरा (बाड़मेर) में हर किसी का दिल झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर महज एक दिन की मासूम नवजात बच्ची को सात फीट ऊंचे खंभे पर लटका दिया गया।

साड़ी में बंधी यह बच्ची बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल परिसर स्थित खंभे पर लटकी मिली है। बच्ची जिंदा है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बच्ची को किसने लटकाया? यह अभी पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को एम्बुलेंस 108 के चालक ओमप्रकाश माली को अस्पताल की पार्किंग में नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। वह आवाज की दिशा में गया तो उसे सात फीट ऊंचे खंभे पर साड़ी की गठरी बंधी दिखी, जिसे नीचे उतारा तो उसमें नवजात बच्ची थी।
अस्पताल के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ कमल मूंदड़ा की मानें तो नवजात का जन्म एक दिन पहले हुआ है। बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है। चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है।
राजकीय नाहटा अस्पताल बालोतरा के पीएमओ बीएस गहलोत कहते हैं कि बच्ची को साड़ी में बांधकर खंभे पर लटकाने वालों का पता लगाया जा रहा है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्ची को नियमानुसार बाल कल्याण समिति को सौंपा जाएगा।
डीएसपी बालोतरा नीरज शर्मा के अनुसार अज्ञात के खिलाफ बच्चे को खंभे पर लटकाने का मामला दर्ज किया गया है। बच्ची के परिजनों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications