राजस्थान: पार्टी से टिकट कट जाने के डर से संसदीय सचिव ने की पूर्वजों की पूजा-अर्चना
अजमेर। राजस्थान में चुनावी बिगुल बज चुका है। वरिष्ठ नेता एक के बाद एक बयान देकर लगातार छोटे नेताओं की धड़कने बढ़ा रहे हैं। इसी तरह के टिकट काटने के बयान से कई वर्तमान विधायकों व मंत्रियों में भी भय व्याप्त है। अजमेर जिले की पुष्कर विधानसभा क्षेत्र से विधायक व संसदीय सचिव ने इसी आशंका के चलते तीर्थ सरोवर पर पिंडदान और पूजा अर्चना की।

संसदीय सचिव सुरेश रावत ने अपने पूर्वजों का पिंडदान पुष्कर सरोवर पर किया। इसके बाद से विधानसभा क्षेत्र में चर्चा है कि रावत को भी अपने टिकट कटने का अंदेशा बना हुआ है। ऐसे में उन्होंने पूजा अर्चना कर पूर्वजों से भाजपा का टिकट दिलवाने और जीत के लिए प्रार्थना की है। तीर्थ पुरोहितों ने बताया कि पूर्वजों का पिण्डदान करने से पूर्वज खुश होते हैं और यदि किसी काम में बाधा उत्पन्न हो रही हो तो उसे भी निर्विघ्न सम्पन्न करवाते हैं।
नहीं मिली है हरी झण्डी
सूत्रों की मानें तो फिलहाल संसदीय सचिव सुरेश सिंह रावत को पार्टी के आलाकमान से हरी झण्डी नहीं मिली है। वहीं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुराने कई विधायकों के टिकट काटने तक के बयान मीडिया में दिए हैं। इसको लेकर संसदीय सचिव रावत खासे परेशान हैं। वहीं उनके समर्थकों की मानें तो टिकट से ज्यादा हार को लेकर चिंतित हैं। इसी के चलते पूजा अर्चना करवाई गई है।
सामान्य पूजा बताई
इस संबंध में जब संसदीय सचिव सुरेश रावत से बात की गई तो उन्होंने कहा कि टिकट या हार-जीत के लिए नहीं उन्होंने तो पूर्वजों को खुश करने के लिए यह पूजा करवाई है। इसे राजनीति से नहीं जोड़ें।












Click it and Unblock the Notifications