लोक सभा चुनाव 2024: राजस्थान की इन सीटों पर कांग्रेस मिला सकती है दूसरों से हाथ!
Rajasthan Congress in Lok Sabha elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए राजस्थान में 15 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची कभी भी आ सकती है। इस सूची में कांग्रेस खेला भी कर सकती है।
चर्चा है कि राजस्थान में नागौर ही नहीं बल्कि पड़ोसी सीट पर भी कांग्रेस अन्य पार्टियों से गठबंधन करके भाजपा को मिशन 25 की हैट्रिक बनाने से रोककर अपना खाता खोलने की कोशिश करती नजर आ सकती है।

दरअसल, राजस्थान में लोकसभा की सभी 25 सीटों पर 2014 व 2019 में कांग्रेस का एक भी उम्मीदवार जीत दर्ज नहीं कर पाया। साल 2023 में राजस्थान की सत्ता भी हाथ से चली गई। इसलिए लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस जीत की हर संभावना पर दांव लगा रही है।
इसका अंदाजा इस बात से भी लगा सकते हैं कि 33 साल तक भाजपा को सांसद देते आए कस्वां परिवार के राहुल कस्वां को पार्टी में शामिल कर चूरू संसदीय क्षेत्र से टिकट तक दे दिया। नागौर सीट पर हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी से गठबंधन की चर्चा लंबे समय से चल ही रही है।

अब चर्चा है कि कांग्रेस नागौर के अलावा सीकर में सीपीआई (एम) के साथ गठबंधन करके पूर्व विधायक अमराराम पर दांव लगा सकती है। हालांकि खुद अमराराम कह चुके हैं कि अभी कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं हुआ है।
वहीं, बांसवाड़ा सीट पर भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) के साथ भी कांग्रेस के गठबंधन की चर्चाओं पर विराम लग गया है। खबर है कि बाप ने कांग्रेस से आदिवासी बाहुल्य इलाके की पांच सीटें मांगी थी, जिस पर सहमति नहीं बनी तो बाप ने बांसवाड़ा लोकसभा सीट पर चोरासी से पार्टी विधायक राजकुमार रोत को टिकट दे दिया है।

सीकर लोकसभा सीट का इतिहास
-शेखावाटी अंचल की सीकर संसदीय क्षेत्र में लक्ष्मणगढ़, धोद, सीकर, दांतारामगढ़, खंडेला, नीम का थाना, श्रीमाधोपुर व चौमू विधानसभा क्षेत्र आते हैं। धोद सीपीआईएम का गढ़ है।
कहा जा रहा है कि सीकर सीट पर कांग्रेस व सीपीआईएम का गठबंधन हुआ तो अमराराम को टिकट मिल सकती है। गठबंधन नहीं होने की स्थिति में कांग्रेस सीताराम लांबा पर दांव लगा सकती है।
सीकर सीट पर किसी एक ही पार्टी का दबदबा कभी नहीं रहा है। साल 2014 व 2019 में यहां से भाजपा के स्वामी सुमेधानंद सरस्वती जीत दर्ज करते आ रहे हैं। इस बार भी भाजपा ने उनको टिकट दिया है।












Click it and Unblock the Notifications