Vaibhav Gehlot Jalore: अशोक गहलोत की पत्नी पहली बार आईं चुनाव प्रचार में, बेटे वैभव के लिए मांग रहीं वोट
Vaibhav Gehlot News: लोकसभा चुनाव 2024 में राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है, क्योंकि उनके बेटे वैभव गहलोत राजस्थान की जालोर-सिरोही लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
खास बात यह है कि बेटे वैभव की जीत के लिए मां सुनीता गहलोत भी चुनाव प्रचार के मैदान में उतर गई हैं। यह पहला मौका है जब सुनीता जनता के बीच आकर वोट मांग रही है। इस बात का जिक्र खुद पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी किया है।

वैभव गहलोत ने जालोर-सिरोही लोकसभा सीट से दूसरे चरण के नामांकन के आखिरी दिन 4 अप्रैल को पर्चा भरा। गहलोत के नामांकन रैली में अपार जन समूह उमड़ा। पिता पूर्व सीएम अशोक गहलोत के साथ मां सुनीता गहलोत भी जोधपुर से जालोर आईं।
नामांकन रैली को सम्बोधित करते हुए पूर्व सीएम अशोक गहलोत भावुक हो गए और कहा कि आज मेरी पत्नी सुनीता गहलोत पहली बार चुनाव के अंदर आई है। मेरे ख्याल से ये अब तक दो या तीन बार ही किसी मीटिंग में गई हो, लेकिन 40 साल से किसी भी चुनावी मीटिंग में पहली बार हैं। आज जालोर में अपने बेटे के लिए आप सबके बीच आई हैं।
जालौर जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में आयोजित सभा में पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि आज हम दोनों बेटे वैभव गहलोत को आप लोगों को सुपुर्द कर रहे हैं। अब आपकी जिम्मेदारी है। उसे जीताकर भेजें। आप सब वैभव गहलोत बनकर चुनाव लड़ें।

अशोक गहलोत ने कहा कि उनके कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने जालोर-सिरोही जिले के विकास के लिए किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी। जालोर और सिरोही के लोगों ने जिस भी क्षेत्र में जो मांगा, उन्हें दिया है।
उधर, जोधपुर से केंद्रीय मंत्री व भाजपा उम्मीदवार गजेंद्र सिंह शेखावत ने वैभव गहलोत पर तंज कसते हुए लोगों से कहा कि 'जोधपुर का एक टाबर (बच्चा) जालोर आ गया है। भटका हुआ है। उसको रखना मत। गुमा मत देना। वापस भेज देना। हमारे बच्चे ज्यादा दिन बाहर नहीं रहते'
उल्लेखनीय है कि वैभव गहलोत ने पिछली बार जोधपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, मगर गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने चुनाव हार गए थे और अब दूसरी बार जालोर-सिरोही से मैदान में हैं। पूर्व सीएम अशोक गहलोत व गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच सियासी जंग भी लंबे समय से चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications