Rajendra Singh Jaisalmer : जम्मू कश्मीर में 3 आतंकियों को ढेर कर शहीद हुआ राजस्थान का सपूत
शहीद राजेन्द्र सिंह : जम्मू में 3 आतंकियों को ढेर कर शहीद हुआ राजस्थान का बहादुर फौजी बेटा
जैसलमेर। राजस्थान का बहादुर सपूत बेटा नायक राजेन्द्र सिंह जम्मू कश्मीर में सरहद की रक्षा करते शहीद हो गया। 27 वर्षीय राजेन्द्र सिंह राजस्थान के जैसलमेर जिले के गांव मोहनगढ़ के रहने वाले थे। भारतीय सेना की ओर से जम्मू के रामबन जिले के बटोत इलाके में 'ऑपरेशन त्रिशक्ति' चलाया गया। करीब 10 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को मार गिरा। आतंकियों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। ऑपरेशन के दौरान ही जैसलमेर के राजेन्द्र सिंह शहीद हो गए।

तीन साल पहले हुई थी शादी
बता दें कि शहीद राजेन्द्र सिंह की तीन वर्ष पहले ही शादी हुई थी। इनके दो वर्षीय बेटा है। राजेन्द्रसिंह के शहीद होने की सूचना मिलने पर गांव मोहनगढ़ में रात को सन्नाटा पसर गया। पत्नी जमना कंवर सदमे में है। रविवार को गांव मोहनगढ़ के बाजार बंद रहे। घरों में चूल्हे नहीं जले।

पिता के बाद बेटे ने ज्वाइन की आर्मी
गौरतलब है कि जैसलमेर शहीद राजेन्द्र सिंह के पिता सांवल सिंह सता भी सेना में सेवाएं दे चुके थे। परिवार में दो छोटे भाई, पत्नी व दो वर्षीय बेटा है। ग्रामीणों के अनुसार पिता के निधन के बाद उनके बड़े बेटे राजेन्द्र सिंह ने ही कंधों पर परिवार के भरण पोषण का जिम्मा संभाला था। दोनों भाइयों को अपने पैरों पर खड़ा कर उनके विवाह की जिम्मेदारी भी उन्होंने निभाई।

पाक की नापाक हरकतें जारी
5 अगस्त 2019 को जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। सरहद पार से उसकी नापाक हरकतें जारी हैं। जम्मू संभाग के रामबन जिले के बटोत में 10 घंटे चली मुठभेड़ में किश्तवाड़ में हिज़बुल मुजाहिद्दीन के आतंकी ओसामा समेत तीन दहशतगर्द ढेर किए गए।













Click it and Unblock the Notifications