राजस्थान में विधायकों की बल्ले-बल्ले, बजट पेश होने के बाद 200 MLA's को मिले आईफोन 13
जयपुर, फरवरी 23। राजस्थान विधानसभा में बुधवार को राज्य का बजट पेश किया गया। बजट पेश होने के बाद सभी 200 विधायकों को गहलोत सरकार की ओर से तोहफे के रूप में आईफोन 13 दिया गया। राज्य सरकार की ओर से उठाए गए इस कदम की हर तरफ चर्चा हो रही है। हालांकि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब विधायकों को तोहफा दिया गया है। पिछले साल भी विधायकों को बजट पेश होने के बाद आईपैड दिए गए थे।

2 करोड़ रुपए तक का आया कुल खर्च
आपको बता दें कि आमतौर पर राज्य विधानसभा के अंदर बजट पेश होने के बाद विधायकों को बजट की एक कॉपी ब्रीफकेस में दी जाती है, जब वे सदन से बाहर निकलते हैं। लेकिन इस बार तो राजस्थान सरकार ने आईफोन गिफ्ट कर सभी को हैरान कर दिया है। तोहफे के रूप में दिए गए एक आईफोन 13 की कीमत 75 हजार रुपए से लेकर 1 लाख के बीच है। जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार का इस काम पर करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपए खर्च हुआ है।

चुनाव को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला!
आईफोन 13 मिलने से सभी विधायक बहुत खुश हैं। आपको बता दें कि राज्य सरकार के इस कदम को इस नजर से भी देखा जा रहा है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का कोई विधायक दल छोड़कर ना जाए। खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की नजर अगले साल होने वाले चुनाव पर है, इसीलिए मुख्यमंत्री ने बजट में आम आदमी के लिए कई तरह की रियायतें दी हैं जैसे कि बिजली दरों में कटौती और सब्सिडी।

बजट में राज्य सरकार की कुछ अहम घोषणाएं
- मनरेगा की तर्ज पर शहरी गरीबों को 100 दिन का रोजगार देने वाली शहरी रोजगार गारंटी योजना को भी बजट में शामिल किया गया।
- राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए, जो राजनीतिक स्पेक्ट्रम में महत्वपूर्ण हैं, बजट में पुरानी पेंशन योजना की वापसी का प्रस्ताव है।
- इसके अलावा पिछली सरकार ने एक पेंशन फंड बनाया था जिसमें कर्मचारियों को अपने वेतन का 30 प्रतिशत योगदान देना होता था। लेकिन गहलोत सरकार ने इसे खत्म कर दिया और कहा कि सभी सरकारी कर्मचारियों को पारंपरिक तरीके से पेंशन दी जाएगी।
- राज्य के पर्यटन क्षेत्र को भी उद्योग का दर्जा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications