Jodhpur: नए मकान के मुहूर्त से पहले पति-पत्नी ने छोड़ी दुनिया, राजस्थान-यूपी व झारखंड तक में शोक की लहर
राजस्थान के जोधपुर के देचू के पास गांव डेडिया में गुरुवार दोपहर को सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। ये अपने परिवार के साथ जोधपुर से रामदेवरा दर्शन करने जा रहे थे।
दो कारों की आमने-सामने की टक्कर में पति-पत्नी की मौत के बाद बेटा-बेटी और भाभी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जोधपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ परिवार उत्तर प्रदेश के उरई का रहने वाला है। जोधपुर के सांगरिया में इन्होंने हाल ही नया मकान बनाया था, जिसका शुक्रवार को गृह प्रवेश का मुहूर्त था।
जानकारी के अनुसार जोधपुर के सांगरिया गणेश विहार निवासी 50 वर्षीय शिशुपाल भारतीय रेलवे में थे। वे झारखंड के धनबाद में पोस्टेड थे। नए मकान के गृह प्रवेश के लिए पत्नी पिंकी देवी, 19 वर्षीय बेटे पीयूष और 22 वर्षीय बेटी वर्षा के साथ गुरुवार सुबह चार बजे ट्रेन से आए थे।
दोपहर में कार में सवार होकर भाभी लक्ष्मी देवी व पत्नी-बचचों के साथ रामदेवरा मंदिर में दर्शन के लिए निकले थे। रास्ते में एक्सीडेंट हो गया। कार उनका बेटा पीयूष चला रहा था। रास्ते में डेडिया गांव की सरहद पर मोड पर सामने से आ रही स्विफ्ट कार से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑल्टो कार बुरी तरह पिचक गई।
बताया जा रहा है कि इस सड़क हादसे में शिशुपाल और उनकी पत्नी पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल लक्ष्मी देवी, वर्षा व पीयूष को पुलिस ने एम्बुलेंस 108 की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। देचू पीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद उनको गंभीर हालत में जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल रेफर किया गया।












Click it and Unblock the Notifications