होटल लोन धोखाधड़ी जैसलमेर : दिल्ली से गिरफ्तार SBI पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी को 14 दिन के लिए जेल
जैसलमेर, 1 नवंबर। जैसलमेर होटल लोन धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किए गए एसबीआई के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जैसलमेर कोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी को खारिज कर 15 नंवबर तक न्यायिक अभिरक्षा भेजने के दिए आदेश दिए हैं।

SBI के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी
SBI के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी के अधिवक्ता की ओर से ADJ कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई गई थी, लेकिन आज वहां भी सुनवाई नहीं हुई। ऐसे ने प्रतीप चौधरी की दिवाली जेल की सलाखों के पीछे ही मनेगी। एसबीआई के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी को जैसलमेर सदर पुलिस रविवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर आज जैसलमेर लाई थी। उसके बाद उन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। उनके अधिवक्ता ने जमानत अर्जी पेश की।

6 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में प्रतीप चौधरी ने खुद को बेगुनाह बताया
जैसलमेर सीजेएम हनुमान सहाय जाट ने सुनवाई के बाद प्रतीप चौधरी की जमानत अर्जी खारिज कर उनको 15 नवंबर तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। हालांकि 6 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में प्रतीप चौधरी ने खुद को बेगुनाह बताया। उन्होंने सीजेएम कोर्ट में जमानत खारिज होने पर डीजे कोर्ट में भी अर्जी लगाई, वहां भी उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया।

जैसलमेर की होटल फोर्ट रजवाड़ा लोन केस
दरअसल, जैसलमेर की होटल फोर्ट रजवाड़ा को गलत तरीके से बेचकर जिस कंपनी ने होटल को खरीदा उसी कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर का हिस्सा प्रतीप चौधरी बन गए। सीजेएम कोर्ट जैसलमेर ने माना की आरबीआई नियमों के परे जाकर होटल बेचने के मामले में धोखाधड़ी हुई है।
प्रकरण संख्या 37/2015 धारा 420, 409, 120 बी भादस पुलिस थाना सदर जैसलमेर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जैसलमेर के न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट प्रतीप चौधरी, तत्कालीन चेयरमैन एसबीआई बैंक हाल अतिरिक्त निदेशक अल्कामिस्ट असेट रिकंट्रक्शन कंपनी लिमिटेड नई दिल्ली को गिरफ्तार करने हेतु जिला पुलिस अधीक्षक जैसलमेर डॉ. अजयसिंह के आदेशानुसार थानाधिकारी पुलिस थाना सदर जैसलमेर करनसिंह के नेतृत्व ASI मुकेश बीरा मय टीम दिल्ली पहुंची। दिल्ली से प्रतीप चौधरी पुत्र परमंदानाथ चौधरी, निवासी एच 1591, एच ब्लॉक, चितरंजन पार्क, नई दिल्ली को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया जाकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जैसलमेर के न्यायालय में पेश किया गया।

200 करोड़ की होटल को 25 करोड़ में बेची
दरअसल, प्रतीप चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने बिचौलियों के मार्फत जैसलमेर के सितारा होटल रजवाड़ा को हड़पने के लिए प्लान बनाया। लोन के सेटेलमेंट को करने के लिए बिचौलियों के मार्फत बातचीत की और धोखे में रखकर करीब 200 करोड़ की होटल को सीज करके आगे अपने मिलने वाले की कंपनी को नियम विरुद्ध जाकर केवल 25 करोड़ में बेच दी।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में
फिर खुद रिटायर होकर उसी कंपनी के बोर्ड ऑफ डाइरेक्टर बन गए। इतनी बड़ी धोखाधड़ी पर जैसलमेर के सदर थाना में साल 2015 में मामला दर्ज हुआ था। सीजेएम कोर्ट में लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया। रविवार को कोर्ट के आदेश पर जैसलमेर पुलिस ने प्रतीप चौधरी को दिल्ली स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया। सोमवार को कोर्ट में पेश करने पर उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications