सीकर की मोना के हनी ट्रैप में फंसा पाली का शिक्षक, FB पर करते थे चैटिंग, नए साल पर मिलने आया, फिर...
पाली। राजस्थान में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है। पाली जिले के सोजत थाना इलाके के अटबड़ा गांव का शिक्षक सीकर की मोना के जाल में फंस गया। नए साल पर उससे मिलने सीकर आया तो शिक्षक का किडनैप हो गया और उससे 41 हजार रुपए ले लिए गए। मामला उजागर होने के बाद सोजत पुलिस ने शिक्षक से चैटिंग करने वाली युवती और किडनैप करने वालों की तलाश शुरू कर दी है।

पाली के सोजत सिटी थानाधिकारी रामेश्वरलाल भाटी ने बताया कि 55 वर्षीय शिक्षक भैराराम प्रजापत की पांच माह पूर्व फेसबुक पर मोना नाम की एक युवती से दोस्ती हुई। दोनों रोजाना एफबी पर चैट करने लगे। इस बीच वाट्सएप पर चैट और बात भी हुई, मगर कभी वीडियो कॉल नहीं की। नए साल 2020 के मौके पर मोना ने भैराराम को मिलने के लिए सीकर बुलाया।
भैराराम सीकर के बस स्टैण्ड पर पहुंचा तो उसे एक कार लेने आई, जिसमें दो युवक बैठे थे। युवकों ने बताया कि उन्हें मोना ने भेजा है। इस पर भैराराम कार में बैठकर उनके साथ चला गया। फिर रास्ते में कार में दो और युवक सवार हो गए। चारों ने शिक्षक भैराराम को रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हुए उससे रुपए मांगे। डर की वजह से भैराराम ने अपने बेटे को कॉल करके खाते में 30 हजार और एक दोस्त से 11 हजार रुपए डलवाए, जो एटीएम से निकालकर आरोपियों को दे दिए।
और रुपए मंगवाए तो हुआ शक
अपहरणकर्ताओं ने और रकम मांगी, तब शिक्षक ने अपने बेटे को पचास हजार रुपए और खाते में भिजवाने को कहा तो बेटे को शक हुआ। उसने सोजत पुलिस को इत्तला दी। सोजत पुलिस ने झुंझुनूं व सीकर पुलिस को अलर्ट किया। इस बीच रातभर अपहरणकर्ता कार में शिक्षक को लेकर घूमते रहे। और रुपए न मिलते देख अपहरणकर्ताओं ने भैराराम को झुंझुनूं के नवलगढ़ में दोपहर में पटक दिया और फरार हो गए। नवलगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को दस्तयाब किया।












Click it and Unblock the Notifications