हर वोट जरूरी है...जोधपुर में दिव्यांग मनोज ने 'होम वोटिंग' से घर बैठे डाला वोट
राजस्थान में मतदान के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए चुनाव आयोग हरसंभव कदम उठा रहा है। इसी कदम के तहत जोधपुर में निर्वाचन आयोग होम वोटिंग के तहत चुने गए दिव्यांग मतदाताओं से घर बैठे मतदान कराकर लोकतंत्र में उनकी सहभागिता सुनिश्चित कर रहा है।
होम वोटिंग के दूसरे दिन शुक्रवार को जोधपुर में जब इस विधानसभा क्षेत्र के 41 वर्षीय दिव्यांगजन मतदाता मनोज ने घर बैठे अपने वोट का इस्तेमाल किया, तो उनके चेहरे पर एक अलग ही उत्साह और खुशी थी। मनोज ने कहा कि इस बार का विधानसभा चुनाव उनके लिए खास है और इस पल को वो हमेशा याद रखेंगे।

मनोज ने अपनी खुशी बयां करते हुए बताया कि वोटर लिस्ट में उनका नाम होते हुए भी, कहीं आने-जाने में असर्मथ होने के कारण उनका बूथ पर जाकर मतदान करना काफी मुश्किल होता था। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने एक अच्छा कदम उठाया है और उनकी इस संवेदनशील और मतदान की अहमियत को समझने वाली पहल ने उनके जैसे ना जाने कितने मतदाताओं की राह आसान कर दी है।
संवाद सूत्र: जितेंद्र डूडी, जोधपुर, राजस्थान












Click it and Unblock the Notifications