Rajasthan Police : सीआई रामलाल मीणा की लव स्टोरी, पत्नी की रिपोर्ट पर प्रेमिका दीपा कुमावत गिरफ्तार
बूंदी, 22 मार्च। राजस्थान के बूंदी जिले के नैनवा थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर की कथित प्रेमिका को पाली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार प्रेमिका ने सीआई पर पांच साल तक उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। बूंदी जिले के हिण्डोली पुलिस उपाधीक्षक सज्जन सिंह राठौड़ ने बताया कि पिछले साल 8 नवंबर को सीआई रामलाल मीणा की पत्नी पिंकी मीणा ने इस्तगासे के जरिये पाली निवासी दीपा कुमावत के खिलाफ नैनवा थाने में मामला दर्ज कराया था।

डीएसपी सज्जन सिंह के अनुसार आरोपी प्रेमिका दीपा कुमावत सीआई रामलाल मीणा के साथ कुछ समय लिव-इन-रिलेशन में रही थी। उसने दो वर्ष पहले बूंदी महिला थाने में सीआई रामलाल मीणा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था।
उसके बाद इस मामले में दोनों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन बीते 8 नवंबर को दीपिका फिर से सीआई रामलाल मीणा से मिलने नैनवां आई थी। उस समय दीपा कुमावत का सीआई की पत्नी पिंकी मीणा से झगड़ा हो गया था।
इस मामले में पिंकी मीणा ने दीपा कुमावत पर मारपीट करने के साथ जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप लगाते हुए न्यायालय में इस्तगासा पेश कर नैनवा थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था।
मामले की जांच हिण्डोली डीएसपी सज्जन सिंह राठौड़ ही कर रहे हैं। जांच में पिंकी मीणा की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के सही पाए जाने पर नैनवा पुलिस ने दीपा कुमावत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की इस कार्रवाई का दीपा की मां सहित अन्य परिजनों ने विरोध जताया।
वहीं, दूसरी तरफ पुलिस गिरफ्त में आई दीपा कुमावत ने सीआई रामलाल मीणा पर उसे शादी का झांसा देकर उससे पांच साल तक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। उसका यह भी आरोप है कि नैनवा पुलिस ने उसे घसीटते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे सोमवार रात को लेकर नैनवा थाने पहुंची। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications