बाड़मेर में बूथ कैप्चरिंग! प्रत्याशी उम्मेदाराम ने शेयर किया वीडियो, बोले-रविंद्र भाटी करा रहे फर्जी वोटिंग
Ravindra Bhati News Barmer: लोकसभा चुनाव 2024 के मतदान में क्या बाड़मेर में बूथ कैप्चर कर लिया गया? क्या निर्दलीय रविंद्र सिंह भाटी के नाम पर ईवीएम में पट्टी लगा दी गई? हकीकत अभी पता नहीं, मगर आरोप तो ऐसे ही लग रहे हैं।
दरअसल, राजस्थान की हॉट सीट बाड़मेर-जैसलमेर के लोकसभा चुनाव में मतदान में दंगल देखने को मिल रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेदाराम बेनीवाल ने रविंद्र सिंह भाटी पर बूथ कैप्चरिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो भी शेयर किया है।

वहीं, रविंद्र सिंह भाटी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करके भाजपा का नाम लिए बिना ईवीएम में धांधली के आरोप लगाए हैं। हालांकि दोनों ही आरोप पर बाड़मेर निर्वाचन अधिकारी ओर की ओर से अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है।
बाड़मेर-जैसलमेर सीट से कांग्रेस उम्मेदाराम बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लिखा कि 'निर्वाचन आयोग की आसार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है मतदान केंद्र पर अंदर मतदान हो रहा है और मतदान केंद्र के मुख्य द्वार निर्दलीय प्रत्याशी के बैनर से सजाया हुआ है, शिव, जैसलमेर, सिवाना में बाहरी लोगो द्वारा कई जगह बूथ कैप्चर कर फर्जी वोटिंग की जा रही हैं। कांग्रेस पोलिंग एजेंटों के साथ मारपीट कर धमकाया जा रहा है।'
इनसे पहले रविंद्र सिंह भाटी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा कि 'बायतु विधानसभा के अंदर मेरे एजेंटों को बूथो से बाहर निकाला जा रहा है और वोटिंग मशीन पर मेरे नाम पर पट्टी लगाई जा रही है। यह कैसा लोकतंत्र है? आखिर प्रशासन किसके दबाव में काम कर रहा है।'
उल्लेखनीय है कि बाड़मेर-जैसलमेर सीट पर भाजपा के कैलाश चौधरी, कांग्रेस के उम्मेदाराम बेनीवाल व निर्दलीय रविंद्र सिंह भाटी के बीच कड़ा मुकाबला है। सुबह 11 बजे तक बाड़मेर में 29.58 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं जबकि राजस्थान की 13 सीटों पर अभी तक 26.84 प्रतिशत वोटिंग हुई है।












Click it and Unblock the Notifications