राजस्थान : टोंक में पुलिस पर हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल, जोधपुर में स्वास्थ्यकर्मी से मारपीट
जयपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 17 अप्रैल सुबह नौ बजे पूरे प्रदेश में 1169 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। राजधानी जयपुर से लगते टोंक में भी कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा हैं। शुक्रवार को 7 नए केस के साथ यहां पर कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 77 तक पहुंच गया है। इस बीच टोंक से पुलिस पर हमला किए जाने की घटना भी सामने आई है, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

टोंक गड्डा पहाड़िया की घटना
जानकारी के अनुसार टोंक कोतवाली पुलिस शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे 5 बजे बत्ती इलाके के गड्डा पहाड़िया क्षेत्र में कर्फ्यू की पालना करवाने गई थी। समुदाय विशेष बाहुल्य इस इलाके में लोग घरों से बाहर घूम रहे थे, जिन्हें पुलिस ने समझाइश की तो उन्होंने हमला कर दिया। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई लोग टोंक पुलिस की हिरासत में
हमले में दर्जनों लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। पुलिस के साथ मारपीट की घटना की सूचना पर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को भेजा गया। अतिरिक्त जाब्ते ने वहां पहुंचकर हालात को काबू किया और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। उसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली पंहुचे और मामले की पूरी जानकारी ली।

इधर, जोधपुर में स्वास्थ्यकर्मी से मारपीट
शुक्रवार को जोधपुर के मदेरणा कॉलोनी में सर्वे टीम के सुपरवाइजर हेमाराम चौधरी के साथ इसी क्षेत्र के रहने वाले आसिफ सोलंकी नाम के एक युवक ने बदसलूकी की और कपड़े फाड़ दिए। वारदात के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले आई। उसके खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन की धारा 188, आपदा अधिनियम की धारा 51 महामारी की धारा 3 मामला दर्ज किया गया है।

वारदात को अंजाम देकर मौके से भागा
जोधपुर के महामंदिर पुलिस थानाधिकारी सुमेर दान चारण के अनुसार हेमाराम ने बताया कि शुक्रवार को सर्वे टीम जोधपुर के मदेरणा कॉलोनी में एक व्यक्ति से पूछताछ की जा रही थी। उसी समय आसिफ सोलंकी नाम के एक युवक ने आकर गाली गलौज करते हुए कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। इसके बाद मौके से फरार हो गया। जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications