Rajasthan: कौन था राजकुमार गुप्ता, जिसकी मौत पर राजस्थान में हो रही 'राजनीति', गहलोत का चौंकाने वाला दावा
Rajkumar Gupta Yuva Mitra Rajasthan: राजस्थान में राजकुमार गुप्ता की मौत पर सियासत हो रही है। कांग्रेस के शीर्ष नेता श्रद्धांजलि देने गुप्ता के घर लालसोट पहुंच रहे हैं। खुद पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने इस मामले में सोशल मीडिया पर टिप्पणी की है।
दरअसल, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर राजकुमार गुप्ता को श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा कि सरकार ने छीनी नौकरी, सदमे में गई युवा मित्र की जान। बिछड़ा कुछ इस अदा से कि रुत ही बदल गई। एक राजीव गांधी युवा मित्र सबको वीरान कर गया।

अशोक गहलोत ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि 'भाजपा सरकार ने राजीव गांधी युवा मित्रों की सेवाएं समाप्त कर करीब 5000 युवाओं को बेरोजगार कर दिया है। ये किसी पार्टी से संबद्ध नहीं थे बल्कि सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम सफलतापूर्वक कर रहे थे जिसकी सर्वत्र प्रशंसा हुई थी।'
'राज्य सरकार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री राजीव गांधी के नाम से परेशानी थी तो नाम बदलकर इन युवाओं का कार्य जारी रख सकती थी। ये सभी युवा जयपुर में महीनों से अपनी बहाली के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। रोज सैकड़ों की संख्या में युवा मित्र मेरे से मिलने आ रहे हैं।'
पूर्व सीएम गहलोत ने आगे लिखा कि 'राज्य सरकार को संवेदनशील होकर इन युवाओं की मांग पर अविलंब सकारात्मक फैसला कर इनकी पुनः नियुक्ति करनी चाहिए। दौसा के युवा मित्र साथी श्री राजकुमार गुप्ता भी इस धरने में शामिल थे, जिनकी अवसाद से असमय मृत्यु हो गई।'
'कल मैं, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह, पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टिकाराम जूली एवं कांग्रेस पार्टी के नेता उनके घर जाकर परिजनों से मिलकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। हम गुप्ता के परिजनों एवं सभी युवा मित्रों को ये विश्वास दिलाते हैं कि न्याय के लिए हम उनके साथ संघर्ष करेंगे।'
बता दें कि राजकुमार गुप्ता दौसा जिले के लालसोट के गांव झांपदा का रहने वाला था। राजीव गांधी युवा मित्र था। राजस्थान में भाजपा के भजनलाल शर्मा की सरकार आते ही राजीव गांधी युवा मित्र इंटर्नशिप योजना बंद कर दी गई। कहते हैं कि उसकी वजह से बेरोजगार हुए राजकुमार गुप्ता डिप्रेशन में चला गया था। डिप्रेशन के चलते हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications