राजस्थान: जेबकतरा बता बस ड्राइवर ने महिला की बेल्ट से की पिटाई, चलती बस से फेंका नीचे
जयपुर। राजस्थान के जयपुर से एक महिला को पीटने का ताजा मामला सामने आया है। यात्रियों से भरी बस में ड्राइवर ने एक महिला को बेल्ट से बुरी तरह से पीटा। हैरत की बात यह है कि एक भी यात्री महिला की मदद के लिए आगे नहीं आया। कुछ यात्री इस घटना को अपने फोन में कैदकर वीडियो बनाने में व्यस्त रहे, लेकिन ड्राइवर को पीटने से रोकने का साहस नहीं जुटा पाए।

जयपुर की सड़कों पर दौड़ने वाली सिटी बस में एक ड्राइवर ने एकाएक आपा खो दिया। बस टोंक रोड स्थित रामबाग सर्किल से नारायण सिंह सर्किल जा रही थी। ये बस रूट नंबर 9A की थी। जिसमें महिलाएं और पुरुष सवारियां बैठी थीं। यहां ड्राइवर ने अचानक बस रोकी और सीट से सवारियों के बीच जाकर महिला को पकड़ लिया।। जिसके बाद ड्राइवर ने बेल्ट उतारकर महिला की बुरी तरह से पिटाई कर दी।
महिला को पीटते हुए ड्राइवर महिला को बस के दरवाजे की ओर ले गया और बाहर की ओर धकेल कर बस के नीचे गिरा दिया। बस में मौजूद सभी लोग ये सारा वाकया देखते रहे थे लेकिन किसी ने महिला की पिटाई को रोकने का प्रयास नहीं किया। इस बीच लोग वीडियो जरूर बनाते रहे। ड्राइवर का आरोप है कि महिला सवारियों की जेब काट रही थी। वह अक्सर विभिन्न रूटों पर चलने वाली सिटी बसों में चढ़ जाती है और लोगों के पर्स चुरा लेती है। इधर लोगों का कहना था कि ड्राइवर को जज बनकर महिला को सजा देने के बजाय उसको पुलिस के हवाले कर देना चाहिए था।
ये भी पढ़ें- बिहार: भीख मांगकर गुजारा करने वाली इन दो महिलाओं ने घर में बनवाया शौचालय, समाज के लिए बनी मिसाल












Click it and Unblock the Notifications