राजस्थान में आकाशीय बिजली गिरने से सात बच्चों समेत नौ की मौत, सीएम अशोक गहलोत ने जताया दुख
जयपुर, 11 जुलाई: राजस्थान में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में सात बच्चे हैं। कोटा, धौलपुर, बारां, झालावाड़ में बिजली गिरने की ये घटनाएं हुई हैं। पांच बच्चे बिजली गिरने से झुलसे भी हैं, जो घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा में बिजली गिरने से हुई इन मौतों को लेकर ट्वीट कर शोक जताया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर लिखा है- आकाशीय बिजली गिरने से कनवास गांव (कोटा) में 4 एवं कूदिन्ना गांव, बाड़ी(धौलपुर) में 3 बच्चों की मृत्यु बेहद हृदयविदारक है। बच्चों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनायें हैं, ईश्वर उन्हें इस अत्यंत दुखद समय में संबल प्रदान करें। घायल बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है। प्रभावितों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें सम्बल प्रदान करें। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाएं।
कोटा से सांसद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने ट्वीट कर लिखा, आकाशीय बिजली गिरने से संसदीय क्षेत्र कोटा की कनवास तहसील के गरड़ा गांव में चार बच्चों की मृत्यु और कुछ बच्चों के घायल होने तथा धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में तीन बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदयविदारक है। असीम दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। कोटा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायल बच्चों की उचित देखभाल के निर्देश दिए हैं। कोटा कैंप कार्यालय अधिकारियों से निरंतर सम्पर्क में हैं।
राजस्थान में रविवार को कई शहरों में बारिश हुई है, साथ ही व्रजपात की घटनाएं हुई हैं। रविवार को प्रतापगढ़, बांसवाडा, सिरोही, डूंगरपुर, उदयपुर, जयपुर, कोटा, बारां, धौलपुर, में बारिश हुई है। इसी दौरान बिजली गिरने की ये घटना हुई।












Click it and Unblock the Notifications