नशा मुक्ति केंद्र भेजने पर 15 साल के बेटे ने रात को माता-पिता को मार डाला, कुल्हाड़ी से वार करके की हत्या
हनुमानगढ़, 16 दिसम्बर। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक नशेड़ी नाबालिग बेटे ने माता-पिता की हत्या सिर्फ इतनी सी बात पर कर डाली कि वे उसका नशा छुड़वाना चाह रहे थे। यह लड़का अपने छोटे की भाई की जान लेना चाह रहा था।

थानाप्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि वारदात हनुमानगढ़ जिले के नोहर पुलिस थाना इलाके के गांव फेफाना में हुई है। यहां 42 वर्षीय शीशपाल और 38 वर्षीय इंद्रा देवी खेती करके परिवार पालते हैं। इनका 15 वर्षीय बेटा अजय को नशे की लत लग गई। इससे परेशान माता-पिता ने इलाज के लिए उसे नशा मुक्ति केंद्र भेजा था। 2-3 दिन पहले ही वह वापस आया था।
बुधवार शाम को उसको पता चला कि उसे दोबारा नशा मुक्ति केंद्र भेजा जाएगा। रात करीब 9 बजे उसकी मां और पिता चारपाई पर सो रहे थे। भाई दूसरे कमरे में था। इस दौरान नाबालिग कुल्हाड़ी लेकर मां-बाप के कमरे मे घुसा। सोते मां-बाप के गले पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दोनों की हत्या कर दी। शोर शराबा सुनकर छोटा भाई दौड़कर आया तो उसके सिर पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरकर छोटा भाई बेहोश हो गया। उसे मरा समझकर नाबालिग वहां से निकल गया।
वह पास की ढाणी में गया और वहां मौजूद लोगों को खुद ही पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंची तो छोटे भाई की सांस चल रही थी। उसे गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती कराया। माता-पिता के शव को हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया है। खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।












Click it and Unblock the Notifications