रायपुरः संतान न होने पर जेठानी ने देवरानी की एक साल की बेटी को जिंदा पानी की टंकी में डुबोया
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक साल की बच्ची की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक बच्ची की बड़ी मां को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपित महिला राजेश्वरी साहू ने जलन के चलते इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। यह घटना बीते 21 अप्रैल की है। बता दें कि टेमरी गांव में एक साल की बच्ची गीतांजलि साहू की लाश घर के पानी की टंकी में बरामद हुई थी।

पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की तो पता चला कि मृतक बच्ची की बड़ी मां राजेश्वरी साहू लगातार अपना बयान बदल रही है। दरअसल, मृतक गीतांजलि साहू के माता-पिता मनोज और नीलम साहू के साथ ही उनके जेठ-जेठानी अनुज और राजेश्वरी साहू की शादी तीन साल पहले हुई थी। इस दौरान मनोज और नीलम को एक बच्ची हुई। लेकिन अनुज और राजेश्वरी का कोई बच्चा नहीं हुआ, जिसके लिए वह हमेशा परेशान रहती थी। इसी के चलते वह अपने देवर-देवरानी से जलन की भावना रखती थी।
वारदात वाले दिन आरोपित जेठानी राजेश्वरी साहू ने अपनी देवरानी के नहाने के लिए जाने के बाद एक वर्षीय बच्ची गीतांजलि साहू को अपने साथ उठाकर छत पर ले गई और जिंदा ही उसे पानी की टंकी में डाल दिया था। पुलिस ने हत्यारोपित राजेश्वरी साहू को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल का कहना है कि मामले में शुरू से आशंका परिजनों को लेकर थी। पूछताछ करने पर राजेश्वरी पटेल द्वारा बार-बार बयान बदला जा रहा था जिसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications