छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में 9120 कोरोना संक्रमित, 48 हजार से ज्यादा लोगों की हुई टेस्टिंग
रायपुर। पिछले कुछ दिनों से कोरोना महामारी से लोगों को राहत मिलनी शुरू हो गई है। कई राज्यों में रिकवरी रेट बढ़ रही है तो कहीं संक्रमण के मामले कम होते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में पिछले 7 दिन में संक्रमण की दर 26 फीसदी से घटकर 18 प्रतिशत पर आ गई है। रविवार को प्रदेश में 48 हजार 732 लोगों का टेस्ट किया गया। जिनमें 9 हजार120 कोरोना संक्रमित मिले। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में यानी कि बीते रविवार को 13 हजार 243 लोग ठीक हुए। हालांकि 189 संक्रमितों की मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 8 लाख 51 हजार 476 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 14 हजार 359 ठीक हो चुके हैं। अभी 1 लाख 26 हजार 547 मरीजों का इलाज चल रहा है।

कांग्रेस सांसद की मां और विधायक के पिता का निधन
वहीं कोरोना संक्रमण के चलते कांग्रेस की राज्यसभा सांसद छाया वर्मा की मां गीता टिकरिहा का निधन हो गया। उधर, बलौदा बाजार से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) के विधायक प्रमोद शर्मा के पिता प्रेमलाल शर्मा का भी निधन हो गया। दोनों की उम्र 75 साल थी।
रायपुर में लॉकडाउन के एक महीने
रायपुर में लॉकडाउन लगे हुए रविवार को एक महीना पूरा हो गया। इन बंदिशों का असर भी नजर आ रहा है। यहां रविवार को 392 नए संक्रमित मिले। जबकि बीते महीने यहां एक दिन में 3,700 केस तक आए थे। बता दें कि रविवार सभी जिलाें के लिए राहत लेकर आया। किसी भी जिले में नए संक्रमितों का आंकड़ा अब 4 अंकों में नहीं है।
शनिवार को बिलासपुर संभाग के जिन दो जिलों में रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में नए संक्रमितों का आंकड़ा 1,000 के पार था, वहां भी रविवार को मरीजों की संख्या 3 अंकों को पार नहीं कर पाई। रायगढ़ में 687 और जांजगीर-चांपा में 600 नए मरीज मिले।












Click it and Unblock the Notifications