छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में सामने आए कोरोना के 15 हजार से अधिक मामले, 266 संक्रमितों की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में यानी कि बीते सोमवार को कल प्रदेश भर में संक्रमण के 15 हजार 274 नए मामले सामने आए। इनको मिलाकर प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 1 लाख 20 हजार 977 हो गई है। सोमवार को प्रदेश भर में 14 हजार 398 लोगों ने कोरोना को मात दी है। उनमें से 1088 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। एक दिन पहले रविवार को नए संक्रमित मिले 11 हजार 825 के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या 12 हजार 358 रही थी।

इसके अलावा बीते 24 घंटों में प्रदेश के 266 मरीजों की जान चली गई। सबसे अधिक 63 मौत प्रदेश की राजधानी रायपुर में हुई है। वहीं दुर्ग में 33 मरीजों की मौत हुई है, जबकि रायगढ़ में 20 और जांजगीर-चांपा में 19 मरीजों की मौत हुई। वहीं बलरामपुर, बस्तर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और बीजापुर जिलों में ही एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने दावा किया है कि पिछले एक सप्ताह में मेडिकल ऑक्सीजन की मांग कम हुई है। लेकिन, सोमवार रात आए आंकड़ों ने प्रदेश में कोरोना की घटती हुई संक्रमण दर पर ब्रेक लगा दिया है। राज्य सरकार ने दावा किया है, छत्तीसगढ़ में मेडिकल आक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया 26 अप्रैल को प्रदेश में 169 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की खपत हुई थी। 2 अप्रैल को कुल 104 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की ही खपत हुई। छत्तीसगढ़ में अभी 240 मीट्रिक टन से अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन रोज हो रहा है। इनमें से दूसरे राज्यों को भी ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। वहीं सोमवार को प्रदेश भर के 286 टीकाकरण केंद्रों पर 11 हजार 95 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगा। सरकार अभी अन्त्योदय राशन कार्ड वालों को ही यह टीका लगा रही है। रायगढ़ जिले में एक दिन में सबसे अधिक 2213 लोगों को टीका लगा।












Click it and Unblock the Notifications