UP News: नाम पर काली पट्टी चिपकाए जाने पर भड़के MLA मनोज पांडेय, सपा मुखिया को दी चेतावनी, कहा- देंगे जवाब
UP News: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान समाजवादी पार्टी से बगावत करके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले रायबरेली लोकसभा के ऊंचाहार विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक मनोज पांडे पर सपा कार्रवाई की तैयारी में है।
समाजवादी पार्टी द्वारा बुधवार को विधानसभा की गैलरी में लगाई गई समाजवादी पार्टी विधान मंडल में नाम की सूची में सपा विधायक मनोज पांडे के नाम के ऊपर काली पट्टी चिपका दी गई। काली पट्टी चिपकाए जाने के बाद विधायक काफी नाराज हैं।

इधर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि एन वक्त पर पार्टी से बगावत करने वाले विधायकों के खिलाफ पार्टी सख्त एक्शन लेगी। चुनाव बीत जाने के बाद अब पार्टी द्वारा उनके खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा जाएगा।
पत्र लिखकर समाजवादी पार्टी द्वारा बागी विधायकों की सदस्यता रद्द किए जाने की मांग की जाएगी। इधर विधानसभा गैलरी में अपने नाम के ऊपर काली पट्टी चिपकाए जाने की जानकारी मिलने के बाद विधायक मनोज पांडे काफी नाराज नजर आ रहे हैं।
इस बारे में 'UP TAK' से बात करते हुए मनोज पांडे द्वारा कहा गया कि यहां इसकी चर्चा करना ठीक नहीं है। जहां चर्चा करना होगा वहां कानूनी और वैधानिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। इससे एक बात तो साफ है कि मनोज पांडे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
रायबरेली में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी की करारी हार के बारे में पूछे जाने पर मनोज पांडेय ने कहा कि चुनाव में दो ही नतीजे होते हैं, या तो हार होती है या जीत होती है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश है और इसे हमें स्वीकार करना चाहिए।
हमसे जनता की सेवा करने में जो कमियां रह गई हैं उन्हें हम ढूंढेंगे और उस पर काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि निश्चित तौर पर जो कमियां रह गई उन्हें हम दूर करेंगे और आने वाले समय में हम आपको फिर मजबूती से खड़े दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications