रायबरेली: भाजपा की गंगा यात्रा में शामिल हुईं कांग्रेस विधायक अदिति सिंह
रायबरेली। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि और बसंत पंचमी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने अलग-अलग जिलों में गंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली भी पहुंची जहां इसको कांग्रेस विधायक अदिति सिंह का समर्थन मिला। अदिति सिंह लालगंज में गंगा यात्रा जनसभा कार्यक्रम में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री मोती सिंह व राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी के साथ मंच पर दिखीं।

रायबरेली में लगी होर्डिंग में अदिति सिंह
गंगा यात्रा के लिए रायबरेली नगरपालिका परिषद की गंगा यात्रा पर लगी होर्डिंग में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ कांग्रेस विधायक अदिति सिंह की भी फोटो लगी हुई थी। इसके बारे में जब अदिति सिंह से पूछा गया था उन्होंने कहा कि गंगा यात्रा में अपने नाम को जगह देने के लिए उन्होंने खुद ही कहा था। अदिति सिंह के इस कदम से रायबरेली कांग्रेस में एक बार फिर हलचल मच गई है।

अदिति सिंह दस जनवरी को रायबरेली पहुंचे डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा से गेस्ट हाउस में मिली थीं। इसी महीने वो भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल हुई थीं और उन्होंने इसकी फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। पिछले साल अगस्त में केंद्र सरकार के जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के फैसले को अदिति सिंह ने समर्थन किया था। अक्टूबर 2018 में कांग्रेस के व्हिप के बावजूद अदिति सिंह उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र में शामिल हुई थीं। इसके बाद अदिति सिंह के खिलाफ रायबरेली में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया था।












Click it and Unblock the Notifications