SYL मुद्दे पर घिरे पंजाब के CM भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल, अब राजा वड़िंग ने उठाया ये मुद्दा
राजा वड़िंग ने कहा कि हम चाहते हैं कि मान यह स्पष्ट तौर पर कहें कि पंजाब के पास किसी अन्य को देने के लिए कोई अतिरिक्त पानी नहीं है, इसलिए एसवाईएल पर विचार करने का सवाल ही नहीं पैदा होता।
चंडीगढ़, 9 सितंबर 2022। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। एक तरफ बसपा पंजाब अध्यक्ष भगवंत मान के दूसरे राज्यों में चुनावी अभियान पर सवाल उठाए हैं, तो वहीं पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। राजा वड़िंग ने पंजाब के सीएम भगवंत मान और दिल्ली में उनके समकक्ष अरविंद केजरीवाल से सतलुज-यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर अपना पक्ष साफ करने के के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल के गंभीर मुद्दे पर उनकी चुप्पी हैरान करने वाली है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा एसवाईएल के मुद्दे पर आपसी सहमति से समझौता करें। हरियाणा स्थित आदमपुर उप चुनाव में उनके प्रचार को लेकर वह दोनों (भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल) स्पष्टीकरण दें। राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा अभी तक इस गंभीर विषय को लेकर अपना पक्ष नहीं रखा गया है। हरियाणा में अपने समकक्ष के साथ मिलने के लिए तैयार होने के अलावा उन्होंने कुछ नहीं कहा है। हम जानना चाहते हैं कि आप सीएम खट्टर के साथ क्या चर्चा करने वाले हैं और उन्हें क्या बताने वाले हैं।
राजा वड़िंग ने कहा कि हम चाहते हैं कि मान यह स्पष्ट तौर पर कहें कि पंजाब के पास किसी अन्य को देने के लिए कोई अतिरिक्त पानी नहीं है, इसलिए एसवाईएल पर विचार करने का सवाल ही नहीं पैदा होता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और पंजाब की आप सरकार की अस्पष्टता राज्य को भारी पड़ सकती है। इसके अलावा, वड़िंग ने कहा कि सैद्धांतिक तौर पर भगवंत मान को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तुरंत बाद हरियाणा में प्रचार करने के लिए नहीं जाना चाहिए था । आम तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री, चाहे वह किसी भी पार्टी से संबंधित हों, हरियाणा में प्रचार करने से बचते हैं, लेकिन मान वहां गए, जो पंजाब के हितों के साथ समझौते के समान है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मान और केजरीवाल की चुप्पी हैरानी जनक है। इससे पता चलता है कि इन्होंने एक अन्य चुनाव और वह भी एक उप चुनाव के लिए उस राज्य को नीचा दिखाने में थोड़ा भी वक्त नहीं गवाया, जिसने इन्हें भारी बहुमत दिया। राजा वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में मंडी आदमपुर के उप चुनाव में अपना भाग्य आजमा रही है और पंजाब के लोगों के हितों को नजरअंदाज कर रही है।
ये भी पढ़ें: आप सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार में नवनियुक्त बोर्ड और कॉरपोरेशन अध्यक्षों से की मुलाकात












Click it and Unblock the Notifications