Punjab bandh: किसानों ने 30 दिसंबर को पंजाब बंद का किया आह्वान, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी
Punjab bandh News: अपनी मांगों को लेकर पिछले काफी लंबे वक्त से हरियाणा और पंजाब के किसान शंभू बॉर्डर पर बैठे हुए है। इस बीच, किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने 30 दिसंबर को पंजाब बंद का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब बंद के आह्वान के कई यूनियनों और समूहों से समर्थन मिला है।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी-पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने गुरुवार 26 दिसंबर को खनौरी बॉर्डर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पंधेर ने कहा कि 30 दिसंबर को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक पंजाब बंद रहेगा। हमें कई यूनियनों और समूहों से समर्थन मिला है। इस दिन पंजाब सरकार और निजी कार्यालय दोनों बंद रहेंगे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि 30 दिसंबर को रेल आवाजाही और सड़क यातायात भी बंद रहेगा। हालांकि, पंधेर ने बंद के दौरान आम जनता की सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने की घोषणा की है। किसान नेता ने कहा कि बंद के दौरान मेडिकल सेवाएं और अन्य आपातकालीन सुविधाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर यात्रियों और शादी समारोहों के वाहनों को रोका नहीं जाएगा। इसके साथ ही, परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक जाने में पूरी सहायता दी जाएगी। खबर के मुताबिक, पंधेर ने युवाओं और जनता से बंद को शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह बंद किसानों के अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई है।
हम पूरे पंजाब, खासकर युवाओं से अनुरोध करते हैं कि मंच द्वारा लिए गए निर्णयों का पालन करें और इस बंद को समर्थन दें। किसान नेता ने कहा कि यह बंद केंद्र को किसानों की मांगों को स्वीकार करने के लिए मजबूर करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानों की मांगों को स्वीकार करने में विफल रहने का आरोप लगाया।












Click it and Unblock the Notifications