IED टिफिन बम के साथ चार आतंकी पकड़े जाने के बाद हाई अलर्ट पर पंजाब, सीएम ने डीजीपी को दिए दिशा निर्देश
IED टिफिन बम के साथ चार आतंकी पकड़े जाने के बाद हाई अलर्ट पर पंजाब, सीएम ने डीजीपी को दिए दिशा निर्देश
चंडीगढ़, 15 सितंबर: पंजाब में आईईडी बम के साथ चार आतंकवादियों की गिरफ्तारी के बाद राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मामले को लेकर डीजीपी दिनकर गुप्ता से बात की है और पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने डीजीपी से राज्य के व्यस्त स्थानों जैसे बाजारों और संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान देने का कहा है।

पंजाब पुलिस ने किया है टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़
पंजाब पुलिस ने पाक समर्थित आतंकी माड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आईईडी टिफिन बम से आयल टैंकर को उड़ाने की साजिश रची थी। पंजाब पुलिस 40 दिन में चार पाकिस्तानी आंतकी माड्यूल का पर्दाफाश कर चुकी है। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान रूबल सिंह, विकी भट्टी, मलकीत सिंह और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। राहुल को अंबाला से गिरफ्तार किया गया था जबकि बाकी तीनों को अजनाला में उनके गांवों से गिरफ्तार किया गया है।
चारों आतंकियों ने 8 अगस्त की रात अजनाला के पास आयल टैंकर उड़ाने की कोशिश की थी। उस रात पुलिस को सूचना मिली कि अमृतसर-अजनाला रोड पर भाखा तारा सिंह गांव के पास एक आयल टैंकर में आग लग गई है। आग पर दमकल की गाड़ियों ने काबू पाया था। बाद में सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि रात करीब 11 बजे फिलिंग स्टेशन के पास 4 संदिग्ध व्यक्ति पहुंचे थे। जांच के बाद इनको गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस आतंकी माड्यूल के पीछे पाकिस्तान में बैठा प्रतिबंधित इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन का प्रमुख लखबीर सिंह रोडे और कासिम का हाथ है। कासिम पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी है जबकि लखबीर सिंह मोगा जिले का रहने वाला है। लखबीर सिंह के पाकिस्तान में होने की बात कही गई है।












Click it and Unblock the Notifications