Punjab News: AAP विधायक गुरदित्त सिंह सेखों की जिप्सी ने बाइक को मारी टक्कर, 2 की मौत
Punjab News Faridkot MLA Gurdit Singh Sekhon: पंजाब के फरीदकोट आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों की पायलट जिप्सी ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दोनों लोगों की मौत हो गई है।
ये हादसा फरीदकोट में सादिक रोड पर मचाकी कलां गांव के पास हुआ। पीड़ितों की पहचान फरीदकोट जिले के झोटीवाला गांव निवासी सतपाल सिंह (52) और नछतर सिंह (54) के रूप में हुई है।

फरीदकोट सिटी पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304-ए, 279, 338 और 427 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी चालक की पहचान हेड कांस्टेबल अंगरेज सिंह के रूप में हुई है। विधायक गुरदित्त सिंह सेखों जिप्सी के आगे एक वाहन में यात्रा कर रहे थे जब यह घटना हुई।
घटना के बाद की जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि मृतक बीज खरीदकर झोटीवाला गांव लौट रहे थे। जब वे एक लिंक रोड की ओर मुड़ रहे थे, तो जिप्सी ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। दोनों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
फरीदकोट के एसएचओ अमरिंदर सिंह ने कहा, 'फरीदकोट में आप विधायक गुरदित सिंह सेखों की पायलट कार और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, और उनके शवों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। घटना की जांच की जा रही है। क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है।''
पीड़ित के परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन
पीड़ितों के परिजनों ने शवों को थाने के बाहर रख दिया और यह दावा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया कि काफिले में कोई भी घायलों की मदद के लिए नहीं रुका। परिजनों का आरोप है कि 'दोनों मृतकों को गंभीर चोटें आई थीं। अगर उन्हें समय पर अस्पताल ले जाया गया होता तो उन्हें बचाया जा सकता था।'
पीड़ित के एक रिश्तेदार ने आरोप लगाया, "मदद करने के बजाय काफिले में सवार लोग मौके से भाग गए। पीड़िता के परिजनों ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
शिरोमणि अकाली दल (SAD) के महासचिव परमबंस सिंह रोमाना ने भी आरोप लगाया कि विधायक का काफिला पीड़ितों की मदद करने के बजाय भाग गया।












Click it and Unblock the Notifications