Sukhbir Singh Badal Attack: पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल पर कृपाल से जानलेवा हमला, अस्तपाल में भर्ती
Sukhbir Singh Badal Attacked: पंजाब के विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ही सियासी पारा गरमा चुका है। सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी बिसात बिछाने में जुटे हैं। दूसरी तरफ, 13 अगस्त को खबर आई कि शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में जानलेवा हमला हुआ।
बताया जा रहा है कि हमला गुरुद्वारा माता साहिब कौर परिसर में हुआ, जहां वे परिवार के साथ माथा टेकने पहुंचे थे। एक निहंग सिख ने कृपाण (धारदार हथियार) से हमला किया, जिसमें सुखबीर के दाहिने हाथ में चोट लग गई। उनके सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए। सुखबीर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक वे खतरे से बाहर हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि क्यों और कैसे हुआ हमला...

नांदेड़ में क्या हुआ?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल दिन में पहले परिवार के साथ तख्त श्री हजूर साहिब (नांदेड़) के दर्शन करने गए थे। बाद में वे गुरुद्वारा माता साहिब कौर पहुंचे। वहीं, एक निहंग सिख ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। सूत्रों के अनुसार हमलावर ने पेट में चाकू घोंपने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों के हस्तक्षेप से बड़ी घटना टल गई। सुखबीर के हाथ में चोट आई और सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गए।
हमले के बाद एक वीडियो में सुखबीर अपने दाहिने हाथ पर भगवा कपड़ा लपेटे हुए अस्पताल की ओर जाते दिखे। वे खुद पैदल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ चल रही है। कुछ रिपोर्टों में चार निहंगों के समूह का जिक्र है, जिनमें से एक ने हथियार चलाया। उनकी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी उस समय उनके साथ थीं। यह घटना 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल को और गर्मा रही है। पुलिस जांच जारी है। हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
दिसंबर 2024: स्वर्ण मंदिर में सुखबीर पर चली गोली
आपको बता दें कि, सुखबीर सिंह बादल पर यह हमला पहली बार नहीं हुआ है। 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर (श्री हरमंदिर साहिब) के मुख्य द्वार के बाहर उन पर गोली चलाई गई थी। उस समय वे अकाल तख्त द्वारा दी गई धार्मिक सजा (तनखाह) के तहत सेवादार की ड्यूटी कर रहे थे। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वे व्हीलचेयर पर थे।
हमलावर नारायण सिंह चौरा था, जो पूर्व उग्रवादी और कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा। उसने पिस्तौल निकाली और गोली चलाई, लेकिन सुरक्षाकर्मी जसबीर सिंह ने तुरंत उसे दबोच लिया। गोली सुखबीर को नहीं लगी और वे सुरक्षित रहे। हमलावर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
Who Is Sukhbir Singh Badal: सुखबीर सिंह बादल कौन हैं?
सुखबीर सिंह बादल का जन्म 9 जुलाई 1962 को पंजाब के फरीदकोट जिले के बादल गांव में हुआ। वे पंजाब के 5 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल और सुरिंदर कौर के बेटे हैं। उन्होंने बीए ऑनर्स (अर्थशास्त्र), एमए (अर्थशास्त्र) और एमबीए की पढ़ाई की। 21 नवंबर 1991 को उनकी शादी हरसिमरत कौर बादल से हुई। राजनीति में उनकी शुरुआत 1996 में लोकसभा से हुई। वे केंद्र में उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री भी रहे। 2004 में दोबारा लोकसभा पहुंचे।
2008 में पहली बार शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष बने। 2009 में जलालाबाद सीट से उपचुनाव जीतकर पंजाब के उपमुख्यमंत्री बने और 2017 तक इस पद पर रहे। उस दौरान उनके पिता प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री थे। 2017 के बाद अकाली दल का प्रभाव घटा। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी सिर्फ तीन सीटें जीत सकी। 2024 में अकाल तख्त ने उन्हें तनखाह घोषित किया, जिसके बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। लेकिन अप्रैल 2025 में वे सर्वसम्मति से दोबारा अध्यक्ष चुने गए।


Click it and Unblock the Notifications
