Punjab: पंचायत चुनाव से पहले SAD-AAP कार्यकर्ताओं में झड़प, सीने में गोली लगने से आप नेता घायल
Punjab News: पंचायत चुनाव को लेकर पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद में शिरोमणि अकाली दल (SAD) और आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। इस कहासुनी और तनातनी के बीच अकाली दल के नेता ने आप नेता मनदीप सिंह बराड़ के ऊपर फायर कर दिया।
गोली आप नेता मनदीप सिंह बराड़ के सीने में जा लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए इलाज के लिए डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग की यह घटना जलालाबाद के BDPO के दफ्तर में शनिवार देर शाम की बताई जा रही है।

जलालाबाद के आप विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने बताया कि पंचायती चुनाव के चलते नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर (BDPO) के दफ्तर में नामांकनों की स्क्रूटनी की जा रही थी। इसके चलते शिरोमणि अकाली दल नेता नोनी मान और बॉबी मान अपने समर्थकों के साथ BDPO दफ्तर पहुंचे।
यहां पहले से ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इस बीच, आप उम्मीदवार मनदीप बराड़ और नोनी मान के समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद वरदेव सिंह नोनी मान ने गोली चला दी, जो आप नेता मनदीप बराड़ के सीने में जा लगी। इस घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
फाजिल्का के एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़ ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वरदेव सिंह नोनी मान और आप नेता मनदीप बराड़ के साथ झड़प हो गई थी। इस झड़प में आप नेता घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और बाद में लुधियाना रेफर कर दिया।
इलाज के लिए उन्हें डीएमसी लुधियाना ले जाया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस CCTV कैमरे भी खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications