पंजाब: प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सरकार की तैयारी, राज्य आपदा प्रबंधन कोष का गठन
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य आपदा प्रबंधन कोष (एसडीएमएफ) को स्थापित करने की हरी झंडी दे दी है। जिसका मकसद राज्य में किसी भी अप्रत्याशित प्राकृतिक आपदा की स्थिति में राहत कार्यों का उचित प्रबंधन करने के लिए है। मुख्यमंत्री मान ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एसडीएमएफ का गठन आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 48-1 (सी) के तहत किया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कोष के स्थापित होने से राज्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए योजनाएं शुरू की जाएंगी। इसी के साथ उन्होंने उम्मीद जताई की फंड राज्य के लिए मददगार साबित होगा। सीएम मान के मुताबिक इन फंडों का गठन 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत किया गया है।
उन्होंने बताया कि 2021 से 2026 तक एसडीएमएफ में राज्य का हिस्सा 25 फीसदी होगा, जबकि केंद्रीय का 75 फीसदी हिस्सा होगा। साल 2021 से 2026 तक कुल 729.60 करोड़ रुपए की व्यवस्था की जाएगी, जो कि किसी भी प्राकृतिक आपदा के लिए तैयारियों को और बल देगी।
भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार राज्य की परिस्थिति की गंभीरता से समझ रही है। इसी के मद्देनजर किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सरकार की ओर से ठोस तैयारी करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications