आप नेता प्रदीप छाबड़ा के बयान से गरमाई सियासत, बिजली विभाग के अधिकारी भी आ गए लपेटे में...
बिजली विभाग के कर्मचारियों का प्राइवेटाइजेशन के ख़िलाफ़ प्रदर्शन अब राजनीतिक मुद्दा बन चुका है।
चंडीगढ़, 25 फ़रवरी 2022। बिजली विभाग के कर्मचारियों का प्राइवेटाइजेशन के ख़िलाफ़ प्रदर्शन अब राजनीतिक मुद्दा बन चुका है। सियासी दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। हाल ही में चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि अपनी सियासत के चक्कर में इन पार्टियों ने लोगों की परेशानियों का भी ख़्याल नहीं किया। वहीं अब अरुण सूद के बयान पर आप नेता छाबड़ा ने पलट वार किया है। आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी और चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहा है कि चंडीगढ़ प्रशासन भाजपा की कठपुतली, बिजली हड़ताल पर विपक्षी दलों को लेकर अफसरों ने जो कहा, वो भाजपा की दी हुई स्क्रिप्ट थी।

बेबुनियाद आरोप लगा रही भाजपा- छाबड़ा
आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहा है कि आप जनता के प्रति जवाबदेह और एक जिम्मेदार पार्टी है, जबकि भाजपा हमेशा अपनी जम्मेदारी से भागने वाली पार्टी के रूप में जानी जाती है। चाहे महंगाई का मामला हो, चाहे बेरोजगारी का मुद्दा हो, चाहे सफाई में चंडीगढ़ के पिछड़ने का मामला हो, भाजपा हर मामले में अपनी जिम्मेदारी से भागती रही है और अब चंडीगढ़ में बिजली विभाग के निजीकरण तथा इस मामले में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से चंडीगढ़वासियों को हुई परेशानी के लिए भी भाजपा अपनी जम्मेदारी स्वीकार करने से बच रही है और दोष कर्मचारियों तथा विपक्षी पार्टियों के ऊपर मढ़कर बेबुनियाद आरोप लगा रही है।

भाजपा ज़िम्मेदारी से भागने वाली पार्टी- छाबड़ा
प्रदीप छाबड़ा आज एक बयान जारी कर भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश है। ऐसे में भी भाजपा यदि अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है तो यह निंदनीय ही नहीं, बल्कि शर्मनाक भी है। छाबड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार देशभर में ऐसी नीतियों को जनता पर थोप रही है, जिनसे कर्मचारी, शिक्षक, किसान, युवा, महिलाएं, गरीब, मध्यम वर्ग, व्यापारी सब परेशान हैं और जगह-जगह सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं। इस स्थिति में विपक्ष का यह दायित्व है कि वह जनता की आवाज को मजबूती प्रदान करे और आम आदमी पार्टी अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभा रही है।

'भाजपा को जनता सबक सिखा चुकी है'
आप के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार के हर जोर-जुल्म की टक्कर पर संघर्ष के नारे के साथ आम आदमी पार्टी जनता के कंधे से कंधा मिलाकर हमेशा चलती रही है और चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश होने के कारण चंडीगढ़ का प्रशासन भाजपा की कठपुतली बना हुआ है। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मुद्दे पर प्रशासन ने प्रेस कांफ्रेंस कर गैर भाजपाई दलों को लेकर जो कुछ भी कहा, वो सब भाजपा की दी हुई स्क्रिप्ट थी। जनता सब जानती है और नगर निगम चुनाव में तो चंडीगढ़ की जनता भाजपा को सबक सिखा ही चुकी है, अब आगे आने वाले चुनावों में भाजपा को जड़ से ही उखाड़ देगी।
ये भी पढ़ें: पंजाब: भगवंत मान बोले- सब मिलकर आप को सत्ता में आने से रोकने की कोशिश में लगे हैं












Click it and Unblock the Notifications