पंजाब के कुछ इलाकों में इंटरनेट बहाल, सीएम मान बोले- माहौल खराब करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
पंजाब के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई है। पुलिस की कार्रवाई पर सीएम मान ने कहा कि माहौल खराब करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।

Amritpal Singh News: 18 मार्च के बाद से अजनाला पुलिस थाने पर हमले के मामले में 'वारिस पंजाब दे' के चीफ और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। ऐसे में पंजाब का माहौल खराब ना हो इसलिए इंटरनेट पर पाबंदी लगाई हुई थी, जिसके बाद अब पंजाब सरकार ने मंगलवार को दोपहर 12 बजे के बाद पंजाब के कई शहरों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं चालू कर दी हैं।
कुछ इलाकों को छोड़कर इंटरनेट बहाल
गृह मामलों और न्याय विभाग, पंजाब सरकार ने मंगलवार को एक बयान में जानकारी देते हुए कहा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि राज्य के सभी शेष क्षेत्रों (तरनतारन, फिरोजपुर, मोगा, संगरूर, अनुमंडल अजनाला, मोहाली के वाईपीएस नगर और एयरपोर्ट रोड से सटे क्षेत्रों को छोड़कर) में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं आज दोपहर 12 बजे से सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दी गई है। आदेश में यह भी कहा गया है कि ब्रॉडबैंड सेवाओं को निलंबित नहीं किया गया है ताकि ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाएं, अस्पताल सेवाएं और अन्य आवश्यक सेवाएं बाधित ना हों।
सीएम मान का कड़ा संदेश
इधर, अमृतपाल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस की छापेमारी पर मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी बयान सामने आया है। सीएम मान ने कड़े शब्दों में कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है, उन्हें सख्त सजा दी जाएगी, जो लोग पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश करेंगे, उनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब के लोग भाईचारे के लिए जाने जाते हैं लेकिन अगर कोई इसपर बुरी नजर डालता है तो पंजाबी ये बर्दाश्त नहीं करते। पिछले दिनों कुछ तत्व ऐसे थे जो विदेशी ताकतों के हाथ चढ़कर पंजाब में माहौल खराब करने की, हेट स्पीच और कानून के खिलाफ बोल रहे थे। इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इससे पहले सोमवार को पंजाब सरकार ने सूचित किया था कि 'वारिस पंजाब डे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस और डोंगल सेवाएं मंगलवार दोपहर तक बंद रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications