अमृतसर में स्वर्ण मंदिर पहुंचे मनीष सिसोदिया, केजरीवाल की जल्द रिहाई के लिए प्रार्थना की
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने रविवार को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर और दुर्गियाना मंदिर में मत्था टेका और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की जेल से जल्द रिहाई के लिए प्रार्थना की।
इस महीने की शुरुआत में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद सिसोदिया का यह पहला पंजाब दौरा है। यह मामला दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़ा है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ आए सिसोदिया ने अपनी जमानत को न्याय बताया और इसको लेकर आभार जताया। उन्होंने कहा, 'यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे दरबार साहिब में माथा टेकने का मौका मिला। मैं अपने परिवार के साथ पूरी श्रद्धा के साथ यहां आया हूं। जब मैं जेल में था, तब भी मैंने सत्य की जीत के लिए प्रार्थना की थी।' उन्होंने सीएम मान से इस बारे में भी चर्चा की कि उनकी पहली यात्रा सचखंड श्री दरबार साहिब में होगी।
केजरीवाल के लिए प्रार्थना
स्वर्ण मंदिर परिसर में सिसोदिया ने बताया कि उन्होंने और उनके परिवार ने सिख तीर्थस्थल पर प्रार्थना की। उन्होंने विशेष रूप से केजरीवाल की दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहाई के लिए प्रार्थना की, जहां केजरीवाल केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जांच के तहत कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार और धन शोधन के मामलों में बंद हैं।
तिहाड़ जेल में बिताए अपने समय को याद करते हुए सिसोदिया ने दावा किया कि उन्हें 'एक साजिश के तहत' जेल में डाला गया था, लेकिन उन्हें ईश्वरीय आशीर्वाद, सुप्रीम कोर्ट और संविधान के माध्यम से न्याय (जमानत पर रिहा हुए हैं) मिला। मान ने कहा, 'उन्हें (सिसोदिया को) सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिला है।' उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि केजरीवाल भी जल्द ही रिहा हो जाएंगे।
मान ने की सिसोदिया की प्रशंसा
अमृतसर पहुंचने पर सिसोदिया ने पंजाब में मान की सरकार के सराहनीय काम की प्रशंसा की। स्वर्ण मंदिर परिसर में मान ने भारत के शिक्षा क्षेत्र में बदलाव का श्रेय सिसोदिया को दिया। मान ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद मनीष सिसोदिया जी दरबार साहिब आए। सत्य की जीत हुई है।'
मान ने भाजपा पर आप के नेताओं को जेल में बंद करके उसे खत्म करने का प्रयास करने का आरोप लगाया, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि आप मजबूत और अटूट है। इस यात्रा के दौरान सिसोदिया और मान के साथ आप के कई नेता मौजूद थे, जिनमें मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, कुलदीप सिंह धालीवाल, हरभजन सिंह और विधायक जीवन ज्योत कौर शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications