Punjab: अकाली दल की दूसरी लिस्ट जारी, कुछ ही घंटे पहले कांग्रेस से आए महिंदर सिंह केपी को मिला टिकट
Lok Sabha Election 2024: पंजाब में शिरोमणि अकाली दल ने सोमवार को लोकसभा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में महिंदर सिंह केपी को अकाली दल ने जालंधर से प्रत्याशी घोषित किया है।
महिंदर सिंह के अलावा शिरोमणि अकाली दल ने चंडीगढ़ से हरदेव सिंह सैनी, बठिंडा से हरसिमरत कौर बादल, लुधियाना से रणजीत सिंह ढिल्लों, होशियारपुर से हर सोहन सिंह ठंडल और फिरोजपुर से नरदेव सिंह (बॉबी मान) को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

आपको बता दें कि महिंदर सिंह केपी ने आज ही अकाली दल ज्वाइन किया है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल दोपहर में केपी के आवास पर गए और उन्हें पार्टी में शामिल करवाया।
इससे पहले केपी को मनाने के लिए पूर्व CM और जालंधर लोकसभा सीट से उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी उनके घर पहुंचे थे, लेकिन बात नहीं बनी। महिंदर सिंह केपी जालंधर के दलित समाज में अच्छी पकड़ भी रखते हैं। यहां तक कि केपी चन्नी के करीबी माने जाते हैं।
वह 2009 में जालंधर से सांसद बने थे। 2014 में होशियारपुर से विजय सांपला से वह हार गए थे। वह तीन बार विधायक और राज्य में दो बार मंत्री रह चुके हैं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान रह चुके हैं। पुराना चेहरा होने के कारण केपी की अच्छी पकड़ है।
इससे पहले शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने लोकसभा के 7 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पहली लिस्ट में गुरदासपुर, अमृतसर, आनंदपुर साहिब, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, संगरूर और पटियाला सीट पर प्रत्याशी उतारे गए। पहली लिस्ट में शिअद के प्रधान सुखबीर बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल का नाम नहीं था।












Click it and Unblock the Notifications