पंजाब: CM के घर के बाहर प्रदर्शन करने वाले 200 लोगों के खिलाफ FIR, 23 AAP नेताओं का भी नाम शामिल
चंडीगढ़, 4 जुलाई: अगले साल पंजाब में विधानसभा के चुनाव हैं, जिस वजह से विपक्षी दल सरकार के खिलाफ लगातार मुद्दे खोजकर उसे जनता के सामने ला रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को आम आदमी पार्टी ने बिजली कटौती का मुद्दा उठाया। साथ ही मोहाली में स्थित मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के घर के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन वो नहीं माने। जिस वजह से उन्हें तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। अब इस मामले में पंजाब पुलिस ने एक और सख्त कदम उठाया है।

मोहाली के एसएसपी के मुताबिक आम आदमी पार्टी के नेताओं ने शनिवार को सीएम के घर के सामने प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने बाद में उन्हें वहां से हटा दिया था। अब इस मामले में AAP के 23 सदस्यों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिसमें विधायक हरपाल सिंह चीमा, सांसद भगवंत मान का भी नाम शामिल है। इसके अलावा 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जो इस प्रदर्शन का हिस्सा थे। एसएसपी के मुताबिक इस पूरे मामले में जांच की जा रही है।
पंजाब में बड़ा बिजली संकट
वैसे आमतौर पर गर्मियां आते ही बिजली विभाग पर लोड बढ़ जाता है, जिस वजह से लाइट की कटौती ज्यादा होती है, लेकिन इस साल हालात ज्यादा बुरे हैं। राज्य के कई हिस्सों में 14-14 घंटे की कटौती हो रही है। इससे जनता का तो बुरा हाल है ही, उसके साथ किसान भी परेशान हो रहे हैं। आमतौर पर अब तक मानसून आ जाना चाहिए था, लेकिन अभी उसमें देर है। ऐसे में बिजली से चलने वाले ट्यूबेल से ही किसान सिंचाई कर रहे, लेकिन बिजली कटौती की वजह से उसमें भी समस्या हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications