पंजाब में शिअद ने शुरू की '100 दिन 100 विधानसभा क्षेत्रों की यात्रा', किसान दिखा रहे काले झंडे
फिरोजपुर। पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने '100 दिन 100 विधानसभा क्षेत्रों की यात्रा' शुरू की है। शिअद की सियासी रणनीति के तहत पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल जगह-जगह अपने काफिले सहित अपने लिए समर्थन जुटा रहे हैं। हालांकि, आज फिरोजपुर में उन्हें किसान-प्रदर्शनकारियों का विरोध झेलना पड़ा। महिलाओं की अगुवाई में किसान-प्रदर्शनकारियों ने सुखबीर सिंह बादल के काफिले को काले झंडे दिखाए। घटना फिरोजपुर जिले के जीरा इलाके की है, जहां महिलाओं ने नारेबाजी भी की। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को काबू किया।

शिअद के काफिले को काले झंडे दिखाए गए
सुखबीर सिंह बादल के काफिले को काले झंडे दिखाने की घटना पहली बार नहीं है। उनका काफिला जब हरियाणा से होकर गुजरा था, तब भी उन्हें काले झंडे दिखाए गए थे। दरअसल, पिछले दिनों सुखबीर सिंह बादल का काफिला हिसार के रामायण टोल प्लाजा पर से गुजर रहा था। तब किसान प्रदर्शनकारियों ने हांसी में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को काले झंडे दिखाए। बाद में किसान नेताओं ने माना कि, उन्हें गलती से काले झंडे दिखाए गए हैं। भारतीय किसान यूनियन (BKU) के पदाधिकारी ने इसके लिए खेद भी जताया। भाकियू के जिला युवा प्रधान कुलदीप खरड़ ने कहा कि, गलती से ऐसा हुआ।

'100 दिनों में करेंगे 100 विधानसभा का दौरा'
सुखबीर सिंह बादल का कहना है कि, वे पंजाब की सत्ता में वापसी के लिए आमजन का साथ लेंगे। इसके लिए वे अगले 100 दिन तक पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इन 100 दिनों में वह 100 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। दौरे के दौरान सुखबीर सिंह बादल सीधे तौर पर आम जनता से रूबरू होंगे और शिरोमणि अकाली दल की नींव को मजबूत करेंगे। शिरोमणी अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल बुधवार से जीरा विधानसभा क्षेत्र से अपने दौरे की शुरुआत कर चुके हैं। 100 दिनों के दौरे के दौरान सुखबीर सिंह बादल पंजाब के लोगों के साथ रूबरू होकर उनका फीडबैक भी लेंगे।

अकाली दल की टिकट पर बराड़
बता दें कि, अपनी रणनीति बनाते हुए सुखबीर सिंह बादल ने जालंधर कैंट विधानसभा सीट से जगबीर सिंह बराड़ को शिरोमणि अकाली दल का उम्मीदवार घोषित किया है। सोमवार को सुखबीर सिंह बादल ने जगबीर बराड़ को सिरोपा पहनाकर विधिवत तरीक़े से शिरोमणि अकाली दल में शामिल किया था। सुखबीर सिंह बादल का जगबीर बराड़ को राजनीति में लाने में अहम किरदार रहा है। साल 2007 में जगबीर बराड़ ने सरकारी नौकरी से इस्तीफा देने के बाद पहली बार जालंधर कैंट हलके से शिरोमणि अकाली दल की टिकट पर ही चुनाव लड़े और जीते भी थे। उससे पहले यह सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती थी।

पार्टी की नींव मज़बूत करने में जुटे अधिकारी
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अब बूथ स्तर पर भी पार्टी की नींव मज़बूत करने में जुट गई है। नगर काउंसिल खरड़ के पार्षद दविंदर सिंह बल्ला को शिरोमणि अकाली दल जिला मोहाली का जनरल सचिव नियुक्त किया गया है। शिरोमणि अकाली दल के जिला जत्थेदार विधान सभा हल्का खरड़ के इंचार्ज जत्थेदार उजागर सिंह बडाली ने कहा कि पार्टी को ऐसे मेहनती वर्करों की ज़रूरत है। दविंदर सिंह बल्ला की सेवाओं को देखते हुए उन्हें पार्टी की जिला इकाई का जनरल सचिव नियुक्त किया गया है।


Click it and Unblock the Notifications
