सुनील जाखड़ को सीएम भगवंत मान का जवाब, अपनी पार्टी की चिंता कीजिए
लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। पंजाब में भाजपा प्रमुख सुनील जाखड़ ने जिस तरह से आप सांसद राघव चड्ढा को लेकर सवाल खड़ा किया है उसपर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखा पलटवार किया है। भगवंत मान ने जाखड़ को सलाह दी है कि आप जिस पार्टी में हैं उसके बारे में सोचिए।
भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर सुनील जाखड़ पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मिस्टर जाखड़ कृपया उस पार्टी की चिंता कीजिए, जिसमे आप अभी हैं। आप पत्रकारों को यह स्पष्ट करें कि आप पार्टी के दृष्टिकोण से बात कर रहे हैं।

आप कांग्रेस में सत्ता संभालते हैं, भाजपा में नेता हैं और अकाली दल को गठबंधन के लिए न्योता देते हैं, आखिर आपने मेरे पंजाब के लोगों को क्या समझ रखा है। आप कभी-कभी अंतिम सांस लेते हुए पक्षी की तरह बात करते हैं, कभी-कभी फलते-फूलते पक्षी की तरह बर्ताव करते हैं, आप इसका जवाब दीजिए।
बता दें कि सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया पर कहा था कि राजनीतिक रूप से तनावपूर्ण माहौल के बीच आखिर राघव चड्ढा कहां हैं, वो कहां लापता हैं, इसकी कई वजहें बताई जा रही हैं। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल इसपर चुप्पी बनाए हुए हैं, ऐसे में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि राघव लंदन अपनी आंखों का इलाज कराने गए हैं, अगर ऐसा है तो उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications