बाइकों को टक्कर मारकर पेड़ के ऊपर चढ़ी कार, 12 फीट से नीचे गिरकर हुई दोफाड़, 3 की मौत
घुमान। पंजाब के घुमान में गांव सक्खोवाल के पास हैरान कर देने वाली दुर्घटना हुई। एक तेज रफ्तार कार 2 मोटरसाइकिलों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पेड़ से टकराई और उसके ऊपर चढ़ गई। फिर पलटते हुए 12 फीट नीचे खेतों में जा गिरी। इस दौरान पेड़ जड़ से उखड़ गया और कार भी दोफाड़ हो गई। दुर्घटना में 3 लोगों की जान चली गई। उधर, कार से टकराने वाले 2 मोटरसाइकिल सवार भी जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि, कार में उत्तराखंड के लोग सवार थे।

पंजाब में भयंकर हादसा
थाना घुमान और उधनवाल की पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार आई-20 (यूपी22एएस-7193) थी। उसमें सवार लोग उत्तराखंड के थे, जो गांव तेजा खुर्द फतेहगढ़ चूड़ियां के सुखपाल सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। जब वह श्री हरगोबिंदपुर रोड पर गांव सक्खोवाल के नजदीक पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो वहां एक मोटरसाइकिल से अचानक टक्कर हो गई। उसके बाद कार उसके आगे जा रहे दूसरे मोटरसाइकिल से टकराई। फिर अनियंत्रित होकर रोड किनारे पेड़ से टकराकर उसके ऊपर चढ़ गई और पलटते हुए नीचे खेतों में जा गिरी।

कार दो फाड़ हो गई
इस भीषण दुर्घटना में कार दो फाड़ हो गई। उसकी स्टेयरिंग व अगली सीटें तक कार के बाहर आ गईं। उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जिन दो मोटरसाइकिल वालों से कार टकराई थी, उनमें से एक अंग्रेज सिंह की टांगें टूट गई, जबकि दूसरे व्यक्ति के सिर में चोट लगी।

बाइक सवारों के भी बयान लिए जाएंगे
पुलिस ने बताया कि, दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल बटाला ले जाया गया। उधर, 3 लाशों को भी सिविल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में पहुंचाया गया। एसएचओ जोगिंदर सिंह ने कहा कि, इस मामले में घटना संबंधी 174 की कार्रवाई होगी। घायल बाइक सवारों के भी बयान लिए जाएंगे। उसके बाद आवश्यक पुलिसिया कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications