पंजाब: चरणजीत चन्नी मंत्रिमंडल का विस्तार कल, अमरिंदर सिंह के करीबियों की हो सकती है छुट्टी
चंडीगढ़, 25 सितंबर: पंजाब में कल, 26 सितंबर को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज बताया है कि राजभवन में शाम 4:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह है। मुख्यमंत्री चन्नी ने आज राज्यपाल से मुलाकात करने के बाद शपथ ग्रहण के लिए समय मांगा, जिसके बाद उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार की जानकारी दी है।

Recommended Video
पंजाब में कैबिनेट के विस्तार को लेकर चरणजीत सिंह चन्नी ने दिल्ली में पार्टी हाईकमान के साथ लंबी चर्चा की है। चन्नी गुरुवार को दिल्ली में थे, जहां उन्होंने राहुल गांधी, पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत, केसी वेणुगोपाल के साथ नए मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चा की। इसके बाद आज उन्होंने राज्यपाल से मिलकर शपथ ग्रहण का समय मांगा है और कल नए मंत्री शपथ लेंगे।
इन नामों की चर्चा
कैप्टन अमरिंदर लगातार जिस तरह से कांग्रेस आलाकमान पर हमलावर हैं, उसको देखते हुए उनके करीबी माने जाने वाले गुरप्रीत सिंह कांगड़, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, साधु सिंह धर्मसोत फिर से कैबिनेट में जगह मिलना मुश्किल माना जा रहा है। वही मनप्रीत सिंह बादल, ब्रह्म मोहिन्द्रा, रजिया सुल्ताना, अरुणा चौधरी और विजय इंदर सिंगला को फिर मौका मिल सकता है। वहीं गुरकीरत सिंह कोटली, संगत सिंह गिलजान, कुलजीत सिंह नागर जैसे नए चेहरों को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।
सोमवार को ली थी चन्नी ने शपथ
बीते हफ्ते कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओम प्रकाश सोनी ने भी शपथ ली थी। माना जा रहा है कि सुखजिंदर रंधावा और ओम प्रकाश सोनी को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। चन्नी के शपथ लेने के छह दिन बाद अब रविवार को मंत्रिमंडल का पहला विस्तार होने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications