भाजपा नेता सुरजीत कुमार जयाणी का नवजोत सिंह सिद्धू पर हमला, सिद्धू राजनेता नहीं मदारी हैं
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरजीत कुमार जयाणी ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी चल रही है। भारतीय जनता पार्टी की यूनिट शहर से लेकर गांव तक है और जहां पर नहीं है तो वहां पर भी कार्यकर्ता बनाए जा रहे हैं
चंडीगढ़, अगस्त 17, 2021। पंजाब में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी भी चुनाव की तैयारी में जुट चुकी है। शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन ख़त्म होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अब पंजाब में विस्तार कर रही है। वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरजीत कुमार जयाणी ने कहा की पंजाब में हम अकेले चुनाव लड़ेंगे किसी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोई नई पार्टी नहीं है, केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है।

'चुनाव लोगों की भावना से जीता जाता है'
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरजीत कुमार जयाणी ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी चल रही है। भारतीय जनता पार्टी की यूनिट शहर से लेकर गांव तक है और जहां पर नहीं है तो वहां पर भी कार्यकर्ता बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा की चुनाव लोगों की भावना से जीता जाता है, जनता सब कुछ देख कर वोट करती है कि कौन सी पार्टी उनकी हिफ़ाज़त कर सकती है। वोट देते वक्त लोग इस बात पर ध्यान देते हैं कि जीतने के बाद किस पार्टी की सरकार उनकी रक्षा और सुरक्षा का ध्यान रख सकती है।
'भाजपा के राज में जनता ख़ुशहाल'
सुरजीत कुमार जयाणी ने कहा कि राजस्थान, यूपी, गुजरात इन सब जगहों में पहले दंगे होते थे, भारतीय जनता पार्टी की सरकार जब वहां सत्ता में आई तो वहां दंगे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जहां आती है वहां के लोग खुशहाल जीवन बिताते हैं। बदमाश लोग जो होते हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी को पसंद नहीं करते हैं। पढ़े, लिखे और इज़्ज़तदार लोग भारतीय जनता पार्टी को वोट देते हैं। उन्होंने कहा कि आज कुछ चर्चाएं हो रही हैं चर्चा बदलने में वक़्त नहीं लगता है। एक बयान में लोग एक पार्टी से दूसरे पार्टी में चले जाते हैं।
कृषि कानून वापस नहीं होंगे
किसान आंदोलन पर सुरजीत कुमार जयाणी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कृषि कानून वापस नहीं करेगी अगर क़ानून वापस करना होता तो पहले ही वापस कर लिया गया होता। यह आंदोलन एक झूठ की बुनियद पर खड़ा हुआ था, झूठ ज़्यादा दिन तक नहीं चलता है। लोगों को समझ आने लग गया है कि ये क़ानून ते पहले भी थे, हमारे पूर्वज भी कॉन्ट्रैक्ट फ़ॉर्मिंग करते थे, ये कोई नई बात नहीं है। सरकार ने तो किसानों को आज़ादी दी है कि वह चाहें तो मंडी में बेचें या तो बाहर बेचें यह तो किसान की मर्ज़ी पर बात है। जहां मर्ज़ी पर बात होती है वहां कोई क़ानून काला नहीं होता है। 10 से 15 दिन में किसान यह आंदोलन ख़ुद वापस कर लेंगे।
शिरोमणि अकाली दल पर हमला
सुरजीत कुमार जयाणी ने शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोला उन्होंने कहा कि अकाली दल ने भारतीय जनता पार्टी से बहुत लिया है बहुत दिया नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने 7 चुनाव लड़ा, 2 बार सांसद और 5 विधायक का चुनाव लड़ा लेकिन कभी वोट अकाली दल ने भारतीय जनता पार्टी को नहीं दिया। हमारे पास शहरी सीटें होती थीं, शहरी सीटों में हमारे वोट थे और जहां अकाली दल के वोट थे भी तो वह कभी भी भारतीय जनता पार्टी को नहीं मिले। उन्होंने कहा जिस दिन भारतीय जनता पार्टी के लोग जनता के बीच में खड़े हो जाएंगे उस दिन ही जनता भाजपा को अपना नेतृत्व दे देगी।
'भाजपा झूठ की राजनीति नहीं करती'
सुरजीत कुमार जयाणी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ और वोट की राजनीति नहीं करती है। भाजपा देशहित की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि चुनावी मैदान भारतीय जनता पार्टी साफ़ सुथरी छवी वाले उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी। वहीं उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा की जहां भी कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी की सरकार है वहां आपराधिक वारदात खुलेआम हो रहे हैं। जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है वहां आपराधिक वारदात नहीं है। उन्होंने कहा की उत्तर प्रदेश इसका एक उदाहरण है। यूपी के अंदर जो बदमाश थे उन्होंने कांग्रेस के यहां शरण ले रखी है। गुंडागर्दी तो कांग्रेस ख़ुद करवाती है।
नवजोत सिंह सिद्धू पर तीखा हमला
सुरजीत कुमार जयाणी ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू नेता थोड़े ही है वह मदारी हैं, स्टेज पर उछल-उछल कर भाषण देते हैं जिसका हक़ीक़त से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि सिद्धू कह रहे हैं कि हमारी सरकार बना दो हम ये कर देंगे। कोई उनसे पूछे की भाई अभी सरकार किसकी है। बिजली की आप बात कर रहे हैं आपको बिजली महकमा मिला था क्यों छोड़ दिए। अगर कुछ ग़लत था तो उसे सही करवाकर जनता की सेवा करनी चाहिए थी। सुरजीत कुमार जयाणी ने कहा कि सिद्धू राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं वह मदारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications