पंजाबः नवजोत सिंह सिद्धू कल संभालेंगे अध्यक्ष पद, CM अमरिंदर सिंह भी कार्यक्रम में होंगे शामिल
चंडीगढ़, 22 जुलाई: कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को बनाया है। इसके बाद से ही पंजाब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू का विवाद और भी बढ़ गया है। इसी बीच पंजाब प्रदेश के नए कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू शुक्रवार (23 जुलाई) को अधिकारिक तौर पर अध्यक्ष पद संभालेंगे। इससे पहले ही नवजोत सिंह सिद्धू और चार पीसीसी कार्यकारी अध्यक्ष की ओर से सीएम कैप्टन अमरिंदर को मनाने की कोशिश शुरू हो गई थी। इस बीच खबर आ रही है कि नवजोत सिंह सिद्धू के अध्यक्ष पद संभालने वाले कार्यक्रम में अमरिंदर सिंह भी शामिल होंगे।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक पंजाब सीएम अमरिंदर सिंह ने सभी कांग्रेस विधायकों, सांसदों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को शुक्रवार सुबह 10 बजे चाय के लिए आमंत्रित किया है। वे सब फिर नई पीसीसी टीम की ताजपोशी के लिए वहां से पंजाब कांग्रेस भवन जाएंगे। बता दें कि सिद्धू ने शुक्रवार के कार्यक्रम के लिए कैप्टन अमरिंदर को आमंत्रित भी किया था।
नवजोत सिंह सिद्धू ने सीएम अमरिंदर सिंह को करीब 56 विधायकों के हस्ताक्षर वाला आमंत्रण-पत्र भेजा है। सिद्धू ने पंजाब के एआईसीसी प्रभारी हरीश रावत को भी कार्यक्रम में आमंत्रित करने का न्योता दिया है।
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बोले- मैं तो कार्यक्रम में जाऊंगा
इस बीच पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा है कि पार्टी हाईकमान ने नवजोत सिंह सिद्धू को राज्य प्रमुख बनाया है। इसलिए वह इस फैसले का स्वागत करते हैं। बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा, ''मैं नवजोत सिंह सिद्धू के शुक्रवार को होने वाले ताजपोशी कार्यक्रम में हिस्सा लेने जरूर जाऊंगा। अमरिंदर सिंह इस कार्यक्रम में जाएंगे या नहीं, ये मैं नहीं बता सकता हूं। देखिए कैप्टन अमरिंदर ने पंजाब में काफी लंबी राजनीति की है और कर रहे हैं। लेकिन मैं मानता हूं कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है। मैं इस स्तर का भी नेता नहीं हूं कि मुख्यमंत्री जैसे बड़े नेता के बारे में बता सकूं कि वह कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे या नहीं।''












Click it and Unblock the Notifications