शादी के बीच स्टेज पर पहुंची महिला, बोली - मैं हूं इसकी बीवी, दूल्हे को थाने ले गई पुलिस
पीलीभीत, मई 27: यूपी के पीलीभीत जिले में एक शख्स पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी लड़की से शादी रचा रहा था। शादी की रस्में चल रही थीं, स्टेज पर लड़का लड़की को जयमाल पहना चुका था कि तभी पहली पत्नी पुलिस के साथ समारोह स्थल पहुंच गई। महिला ने जमकर हंगामा कर दिया। महिला का हंगामा और पुलिस को देखकर शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धीरे-धीरे लोग मौके घिसकने लगे। पहली पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस दूल्हे को थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

9 साल पहले हुई थी पहली शादी
पूरनपुर कोतवाली प्रभारी हरीशवर्धन ने बताया कि बरेली जिले की सुमन देवी ने पुलिस को दी तहरीर देते हुए बताया कि 28 नवंबर 2012 को उसकी शादी शाहजहांपुर के आशीष वर्मा के साथ हुई थी। सुमन देवी का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद पति और अन्य ससुरालवाले दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। दहेज में और रुपयों की मांग की जाने लगी। इसको लेकर उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर एक मुकदमा दर्ज कराया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है।

बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा था लड़का
सुमन देवी ने बताया कि उसे पता चला कि बीते सोमवार को उसका पति पूरनपुर क्षेत्र के मंगलम गेस्ट हाउस में पीलीभीत जिले की किसी लड़की से शादी कर रहा है। पूरे मामले की जानकारी देते हुए वो पुलिस को लेकर शादी मंडप में पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी हरीश वर्धन ने बताया कि महिला सुमन देवी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसके पति से अब तक ना तो कोई तलाक हुआ है, और ना ही किसी प्रकार का कोई समझौता हुआ है। उसकी ओर से दर्ज कराया गया मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है, इस पर निर्णय आना अभी बाकी है, ऐसे में नियम विरुद्ध जाकर उसका पति दूसरी शादी कर रहा था।













Click it and Unblock the Notifications