ब्रह्मेश्वर मुखिया के हत्यारों का नाम बताओ, 10 लाख घर ले जाओ: सीबीआई
बिहार। सीबीआई ने प्रतिबंधित संगठन रणवीर सेना सुप्रीमो ब्रह्मेश्वर मुखिया की हत्या से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देने वालों को 10 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। सीबीआई की पटना शाखा ने आरा शहर में इस बाबत पोस्टर जारी किए हैं, जिसे शहर के कई सार्वजनिक जगहों पर चिपकाया गया है। इनाम से जुड़ा पोस्टर जारी होने की चर्चा चारों तरफ हो रही है।

सात साल पहले हुई थी हत्या
सात साल पहले आरा के कतीरा मोहल्ले में हुई ब्रह्मेश्वर मुखिया की हत्या में शामिल अपराधियों की तलाश सीबीआई को है, जिसको लेकर चार साल पहले भी सीबीआई ने पोस्टर जारी किए थे। वहीं, घटना के सात साल बाद भी सीबीआई को इस सनसनीखेज हत्या में शामिल लोगों की तलाश है, जिसको लेकर एक बार फिर सीबीआई सामने आई है। पोस्टर के जरिए सीबीआई ने तीन फोन नंबर 0612-2239711 / 2235588 / 2235599 और 9415609325 भी जारी किए हैं। सूचना देने वालों को 10 लाख रुपए इनाम देने की बात कही गई है।

छह साल से जांच कर रही है सीबीआई
गौरतलब है कि 1 जून 2012 को आरा के नवादा थाना के कतीरा मोहल्ले में सुबह चार बजे मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने ब्रह्मेश्वर मुखिया के घर के पास गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। इस घटना में पुलिस की एसआईटी ने अगस्त 2012 में प्रिंस नाम के एक शूटर को झारखंड के रांची से गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने जुलाई 2013 में इस मामले को नीतीश सरकार के सिफारिश के बाद अपने हाथों में लिया था। सीबीआई पिछले छह साल से इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल आजतक इस मामले में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है।

सूचना देने वाले को 10 रुपए रुपए देने का ऐलान
इस मामले में सीबीआई के पास फिलहाल साल 2016 में जमुई से नंदकुमार पांडेय उर्फ फौजी पांडेय की गिरफ्तारी के अलावा बताने लायक कुछ भी नहीं है, जिसके बाद सीबीआई ने मुखिया हत्याकांड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देने वालों को 10 लाख रुपए इनाम देने की पेशकश की है। बताते चलें कि ब्रह्मेश्वर मुखिया की हत्या के बाद आरा और फिर राजधानी पटना में मुखिया समर्थकों ने जमकर बवाल काटा था। इस हत्याकांड में पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में 8 लोगों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की थी। बाद में इस केस को सीबीआई के जिम्मे सौंप दिया गया। तब से लेकर आजतक इस मामले में कोई खास सफलता सीबीआई के हाथ नहीं लगी है।












Click it and Unblock the Notifications