बिहार: बोर्ड परीक्षा में नकल कराने फांद गए 20 फीट ऊंची दीवार, फोटो वायरल
Patna news, पटना। बिहार सरकार कदाचार मुक्त मैट्रिक की परीक्षा का दावा लगातार करती आ रही है लेकिन इसके बावजूद परीक्षा केंद्रों पर सरकार और प्रशासन का दावा फेल होता नजर आ रहा है। ताजा तस्वीरें आरा से आ रही हैं जहां चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था के बावजूद परीक्षा केंद्र पर कदाचार की कोशिश की जा रही है। कदाचार की कोशिश करती ये तस्वीरें वायरल हो रही है।

नकल के लिए 20 फीट ऊंची दीवार पर चढ़े
ये तस्वीरें आरा के महाराजा कॉलेज केंद्र की है जहां परीक्षार्थियों के 3 परिजन 20 फ़ीट ऊंची दीवार पर चढ़ अपने परीक्षार्थियों को नकल कराने की कोशिश में लगे हैं।

बोर्ड परीक्षा में हो रही नकल
ये तस्वीरें 4 साल पहले की वैशाली के हाजीपुर से आई तस्वीरों को ताजा कर रही हैं जिसके बाद हुई किरकिरी से सबक लेते हुए बिहार की नीतीश सरकार ने कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन के लिए कई कड़े कदम उठाए थे। एकबार फिर पुरानी यादों को ताजा करती इन तस्वीरों के आने के बाद से ही भोजपुर जिला प्रशासन में हड़कंप मचा है और इसकी जांच शुरू करते हुए भोजपुर प्रशासन ने कदाचार होने की बात का खंडन करते हुए मौके पर पुलिस की तैनाती कर दी है।

फोटो हुई वायरल
इधर एक बार फिर मैट्रिक परीक्षा केन्द्र की ऐसी तस्वीरें सामने आने के बाद विपक्ष ने नीतीश सरकार को घेरते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को हटाने की मांग की है। कांग्रेस नेता प्रेमचंद मिश्रा और राजद की प्रदेश प्रवक्ता एज्ज़ा यादव ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए बीएसईबी अध्यक्ष आनंद किशोर को हटाने और कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications